शिमला : हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने सत्तारूढ भाजपा से सत्ता छीन ली और अब तक घोषित 64 परिणामों में से पार्टी ने 36 सीटों के साथ सामान्य बहुमत हासिल कर लिया।
राज्य की 68 सदस्यीय विधानसभा की सीटों के लिये हो रही मतगणना में अब तक घोषित 64 परिणाम में कांग्रेस पार्टी ने सामान्य बहुमत के लिए जरूरी 35 सीट से एक सीट अधिक जीत ली है।
भाजपा ने 24 सीटें जीती है और दो पर आगे चल रही है। अन्य के खाते में चार सीटे गई हैं और वे दो पर आगे चल रहे हैं। गौरतलब है कि राज्य में सरकार बनाने के लिए किसी दल या गठबंधन को 35 सदस्यों के समर्थन की जरूरत है। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष वीरभद्र सिंह ने शिमला ग्रामीण सीट पर जीत दर्ज की। वीरभद्र ने इस सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी भाजपा के ईश्वर रोहल को 20 हजार मतों से पराजित किया।
सिंह कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री पद के सशक्त दावेदार माने जाते हैं और अभी वह लोकसभा के सदस्य भी हैं।
सिंह ने कहा कि हाईकमान ने उन्हें पार्टी को प्रदेश में सत्ता में वापसी का दायित्व सौंपा था और इसके लिए उन्होंने पूरी ताकत झोंक दी थी। मुख्यमंत्री पद के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि इस पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी फैसला करेंगी।
वहीं, हमीरपुर सीट पर मुख्यमंत्री प्रेमकुमार धूमल ने जीत दर्ज की। धमूल ने कांग्रेस के नरिन्दर ठाकुर को 9500 मतों से पराजित किया।
धूमल ने प्रदेश में पार्टी की हार स्वीकार करते हुए कहा कि पार्टी अब इस बात की समीक्षा करेगी कि कांटे के इस मुकाबले में क्या गलती हुई। उन्होंने कहा कि हम यह पता लगायेंगे कि हम कहां पीछे रहे। (एजेंसी)
First Published: Thursday, December 20, 2012, 15:04
|