Last Updated: Friday, January 20, 2012, 13:35
नई दिल्ली: उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप और बढ़ गया क्योंकि क्षेत्र में तापमान में और गिरावट दर्ज की गई तथा शीतलहर और कोहरे ने लोगों की मुश्किल को और बढ़ा दिया। कश्मीर घाटी में बर्फीला मौसम जारी है क्योंकि क्षेत्र में न्यूनतम तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे चला गया है।
मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.5 डिग्री नीचे दर्ज किया गया जो गुरुवार के मुकाबले 2.1 डिग्री कम है। श्रीनगर शहर में ताजा हिमपात होने के बाद ठंड से कुछ राहत मिली थी लेकिन तापमान में शुक्रवार को फिर गिरावट दर्ज की गई। प्रसिद्ध स्कीइंग रिसार्ट गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि गुरुवार से दो डिग्री कम है।
दक्षिण कश्मीर के पर्यटक रिसार्ट पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 7.8 डिग्री नीचे दर्ज किया गया जो कि कल से 2.8 डिग्री सेल्सियस कम है। इस सप्ताह हिमपात से लोगों को काफी राहत मिली थी। ताजा हिमपात में तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई जो कि श्रीनगर शहर में शून्य से 7.8 डिग्री नीचे और गुलमर्ग में शूल्य से 19 डिग्री नीचे चला गया था। अधिकारी ने बताया कि लद्दाख क्षेत्र के लेह नगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 15.6 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया जो कि बुधवार से एक डिग्री अधिक है।
राजधानी दिल्ली में सुबह के समय घना कोहरा छाये रहने से लगातार तीसरे दिन भी हवाई और रेल यातायात प्रभावित हुआ जबकि तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से दो डिग्री कम और कल के 4.8 से कम है। कल अधिकतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से तीन डिग्री नीचे है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सुबह से ही कोहरा छा गया जिससे 40 उड़ाने विलंबित होने के साथ ही चार रद्द करनी पड़ी। मुख्य रनवे पर दृश्यता डेढ़ सौ से 175 मीटर रहा जबकि नये रनवे पर यह 75 से 100 मीटर था।
पंजाब और हरियाणा में घना कोहरा छाया रहा जिससे रेल, सड़क और हवाई यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। अमृतसर, पठानकोट और बठिंडा की ओर जाने वाली अधिकतर ट्रेनें विलंब से चल रही थीं। इसके अलावा क्षेत्र में हवाई यातायात भी बुरी तरह से प्रभावित रहा।
घने कोहरे के चलते क्षेत्र के कुछ हिस्सों में बिजली और जल आपूर्ति बाधित हुई जिसने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दीं। नरनौल सबसे ठंडा स्थान रहा जहां रात का तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से चार डिग्री कम है। वहीं अमृतसर में तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस जबकि करनाल में 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से तीन डिग्री कम है।
राजस्थान में जबर्दस्त ठंड का प्रकोप जारी रहा। राज्य के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू में रात का तापमान शून्य से 2.2 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। यहां स्थित मौसम विभाग के अनुसार मैदानी क्षेत्रों में पिलानी सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं चूरू में 2.9 डिग्री सेल्सियस, 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सवाईमाधोपुर, बूंदी और जयपुर में न्यूनतम तापमान क्रमश: 3.9, चार और 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान के अन्य स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस से 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
(एजेंसी)
First Published: Friday, January 20, 2012, 19:06