भीषण गर्मी की चपेट में उत्तर भारत, 8 की मौत

भीषण गर्मी की चपेट में उत्तर भारत, 8 की मौत

ज़ी मीडिया ब्यूरो
नई दिल्ली : देश के अधिकतर हिस्सों में चिलचिलाती धूप एवं भीषण गर्मी से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। दोपहर होते-होते सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है। इस बीच पंजाब एवं हरियाणा में भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से आठ लोगों की जान चली गयी। क्षेत्र में गर्मी पिछले तीन दिनों में पंजाब में छह और हरियाणा में दो लोगों की जान गई है।

राजधानी दिल्ली में भी पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ गया जो सामान्य स्तर से तीन डिग्री अधिक है। हालांकि यह कल 45 डिग्री तक पहुंच गया था। पंजाब एवं हरियाणा क्षेत्र में हिसार 46 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ सबसे गर्म स्थल रहा जबकि लुधियाना में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री दर्ज किया गया।

गर्म वातावरण के कारण ब्यास, रावी और सतलुज सहित पंजाब की अधिकतर नदियों का जल स्तर घट रहा है। भाखड़ा एवं पांग बांधों में पानी दस फुट तक घटा है। राजस्थान में भी चुभने वाली गर्मी का दौर जारी है। राज्य में चुरू 45.3 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म स्थान रहा। मौसम विभाग के अनुसार श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री, जयपुर में 43.4 डिग्री, बीकानेर में 42.8 डिग्री, बाड़मेर में 41.4 डिग्री दर्ज किया गया।

उत्तर प्रदेश में बिजली की भारी कटौती ने लोगों के लिए गर्मी की तपिश को और बढ़ा दिया है। हालांकि राज्य के कई स्थानों में पारे में मामूली गिरावट दर्ज की गयी। राज्य में इटावा 46.9 डिग्री के साथ सबसे गर्म स्थान रहा। झांसी, आगरा एवं मेरठ डिवीजन में तापमान सामान्य से अधिक रहा जबकि इलाहाबाद, लखनउ, बरेली, वाराणसी एवं फैजाबाद डिवीजन में तापमान में गिरावट आयी। महाराष्ट्र के नागपुर में तापमान में गिरावट आयी और यहां अधिकतम तापमान 44.9 डिग्री रहा जबकि कल यह 46.3 डिग्री था। हालांकि विदर्भ क्षेत्र के अधिकतर भागों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर बना रहा।

पश्चिमी ओडिशा भी भीषण गर्मी की चपेट में रहा। झासुगुड़ा में अधिकतम तापमान 46.7 डिग्री दर्ज किया गया जबकि तालचर में यह 46.2 डिग्री, हीराकुड में 46.1 डिग्री और बोलंगीर में यह 46 डिग्री दर्ज किया गया।
मध्य प्रदेश के खजुराहो एवं नवांगाव अधिकतम 47 डिग्री के साथ सबसे गर्म स्थल रहे। (एजेंसी)

First Published: Saturday, May 25, 2013, 21:06

comments powered by Disqus