Last Updated: Tuesday, June 3, 2014, 22:33
नई दिल्ली : उत्तर भारत के अधिकतर इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही है और राजस्थान के जैसलमेर एवं कोटा जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज किया गया है।
दिल्ली में लू का प्रकोप जारी है जहां अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया। मौसम विज्ञानियों ने अनुमान जताया है कि राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 43 और 26 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
राजस्थान में गर्मी अपने चरम पर है। जैसलमेर जिले में अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया जबकि कोटा का तापमान 45 . 2 डिग्री सेल्सियस रहा। श्रीगंगानगर में तापमान 44.9 डिग्री, बाड़मेर में 44.8, बीकानेर में 44.7, चुरू में 44.3, जोधपुर में 44.6, जयपुर में 43.8 और अजमेर में 43 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
हरियाणा में गुड़गांव का तापमान सबसे ज्यादा 41.7 डिग्री रहा। इसके बाद कुरूक्षेत्र का तापमान 41.6 डिग्री और हिसार का 41.5 डिग्री सेल्सियस तापमान मापा गया। अम्बाला और भिवानी में अधिकतम तापमान क्रमश: 40.9 और 40.8 डिग्री सेल्सियस रहा। केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस जबकि पंजाब के पटियाला में तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस रहा। अमृतसर एवं फिरोजपुर का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस एवं लुधियाना का 41.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
उत्तर प्रदेश में आगरा सबसे ज्यादा गर्म शहर रहा जहां का तापमान आज 42.1 डिग्री रहा। इलाहाबाद, लखनउ, झांसी और कानपुर का तापमान क्रमश: 41.5, 41.3, 41.6 और 41 डिग्री सेल्सियस रहा। उत्तराखंड के देहरादून का तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस जबकि जम्मू-कश्मीर के जम्मू संभाग का तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस रहा। हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में मौसम खुशगवार बना हुआ है। शिमला और मनाली में अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस एवं 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जबकि धर्मशाला का तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, June 3, 2014, 22:33