Last Updated: Wednesday, December 25, 2013, 23:24
नई दिल्ली : क्रिसमस के दिन उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में आज का दिन साफ रहा। क्षेत्र में कहीं भी भारी हिमपात या बारिश नहीं हुई। हालांकि, तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ गई। दिल्ली में आज खुशनुमा सुबह रही। थोड़ा बहुत कुहासा था जो दिन में साफ हो गया। राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान में कल की तुलना में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई और 7.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। अधिकतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
कश्मीर घाटी में मौसम में तीन दिन के बाद सुधार हुआ। कहीं से भी बारिश या हिमपात का समाचार नहीं मिला है। ज्यादातर स्थानों पर रात का तापमान जमाब बिंदु के नीचे रहा। जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में कल रात का तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि गुलमर्ग राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। वहां का तापमान शून्य से 9.3 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहां क्रिसमस मनाने अच्छी खासी संख्या में पर्यटक जुटे हैं। लद्दाख के लेह में रात का तापमान दो डिग्री सेल्सियस से अधिक बढ़ गया।। वहां का न्यूनतम तापमान शून्य से 6.3 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
इस बीच, हिमाचल प्रदेश में कड़ाके की ठंड कम होने का कोई संकेत नहीं मिल रहा है। वहां अनेक स्थानों पर पारा जमाव बिंदु के इर्द-गिर्द है। राज्य के उंचाई वाले क्षेत्रों में पारा शून्य से 10 डिग्री सेल्सियस से 18 डिग्री सेल्सियस कम के बीच है। लाहौल और स्पीति में कीलांग और कल्पा तथा किन्नौर जिले में न्यूनतम तापमान क्रमश: शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस और शून्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला और धर्मशाला में क्रमश: 4.5 और 5.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञानियों ने राज्य में आने वाले चार दिनों में सूखा मौसम रहने का अनुमान जताया है। मध्य और उपरी पहाड़ी क्षेत्रों में 31 दिसंबर से बारिश या बर्फबारी शुरू होने की संभावना है।
पंजाब और हरियाणा में शीतलहर ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली। दोनों राज्यों में अनेक स्थानों पर तापमान में गिरावट आई। हालांकि, वहां आज सुबह कोहरे से राहत रही। चंडीगढ़ में इस मौसम का सबसे कम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, दिन में सूरज उगने से थोड़ी राहत रही। हरियाणा में नारनौल सबसे ठंडा स्थान रहा। वहां का न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वह सामान्य से तीन डिग्री कम है।
पंजाब में अमृतसर में तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि लुधियाना और पटियाला में क्रमश: 6.6 डिग्री और 7 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। राजस्थान में भी ठंड का प्रकोप जारी है। वहां घने के कोहरे के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। चुर में तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। वह राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। राज्य में उत्तर पश्चिमी हवाओं की वजह से सभी स्थानों पर पारा में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई।
उत्तर पश्चिम रेलवे ने एक ट्रेन को रद्द कर दिया और तीन अन्य का समय पुनर्निर्धारित किया जबकि आठ ट्रेनें कोहरे के कारण देर से चल रही हैं। दिल्ली-जयपुर, जयपुर-आगरा, जयपुर-कोटा और जयपुर-उदयपुर राजमार्ग पर भी सड़क यातायात कोहरे के कारण प्रभावित हुआ। राज्य सड़क परिवहन निगम के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उत्तर प्रदेश के कई स्थानों पर तापमान में गिरावट आई। नजीबाबाद में रात का न्यूनतम तापमान गिरकर 3.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वाराणसी, फैजाबाद, इलाहाबाद, लखनउ, मुरादाबाद और झांसी संभागों में भी रात के तापमान में गिरावट आई। मौसम विभाग ने कई स्थानों पर सुबह की घड़ी में सूखा और कुहासा वाली स्थिति रहने का संकेत दिया है। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, December 25, 2013, 23:24