Last Updated: Wednesday, June 4, 2014, 22:33
नई दिल्ली : उत्तर भारत के अधिकतर हिस्से में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रहने के साथ भीषण गर्मी का प्रकोप बना रहा जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है।
राष्ट्रीय राजधानी भी गर्मी की चपेट में है जहां अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो वर्ष के इस समय में सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है। बहरहाल न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्दता 21 से 65 फीसदी के बीच बना रहा।
राजस्थान में आज दूसरे दिन भी लू का कहर जारी रहा जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। राज्य के चुरू में सबसे ज्यादा 47.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। शुष्क मौसम के कारण अधिकतर स्थानों पर तापमान में एक डिग्री से लेकर चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हुई। उदयपुर को छोड़कर राज्य के अन्य जगहों पर तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रहा। उदयपुर में तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जैसलमेर में सबसे ज्यादा 47 डिग्री सेल्सियस, बीकानेर में 46.8 डिग्री, बाड़मेर में 46.7 डिग्री और गंगानगर में 46.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। राज्य की राजधानी जयपुर में इस मौसम का सबसे ज्यादा तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। उत्तर प्रदेश में भी भीषण गर्मी पड़ रही है। इलाहाबाद में राज्य का सबसे ज्यादा तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, June 4, 2014, 22:33