कर्नाटक : कांग्रेस विधायक दल की बैठक आज, रेस में खड़गे और सिद्धारमैया |
|
|
|
बेंगलुरु : कर्नाटक में मुख्यमंत्री का चुनाव करने के लिए कांग्रेस विधायक दल की बैठक आज होगी। शीर्ष पद के लिए वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और सिद्धारमैया दौड़ में सबसे आगे माने जा रहे हैं। कर्नाटक में नेतृत्व मुद्दे पर विधायकों का विचार जाना जाएगा जहां 224 सदस्यीय विधानसभा में पार्टी ने 121 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल की है।
पार्टी महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने नई दिल्ली में कहा, ‘वरिष्ठ मंत्री ए.के. एंटनी, राज्य के कांग्रेस प्रभारी मधुसूदन मिस्त्री, कर्नाटक स्क्रीनिंग समिति के अध्यक्ष लुईजिन्हो फलेरो और केंद्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह कांग्रेस पर्यवेक्षक के रूप में शुक्रवार को कर्नाटक पहुंच रहे हैं।’ शीर्ष पद के लिए मुख्य लड़ाई वरिष्ठ नेता और केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री एम. मल्लिकार्जुन खड़गे और निवर्तमान विधानसभा में विपक्ष के नेता सिद्धारमैया के बीच है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री एम. वीरप्पा मोइली का नाम भी चर्चा में है।
पार्टी सूत्रों ने कहा कि कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस समिति के प्रमुख जी. परमेश्वर की चुनावों में हार के कारण मुख्यमंत्री पद पर उनका दावा कमजोर माना जा रहा है। मुख्यमंत्री पद के दावेदार अपने दावों को जोर शोर से पेश कर रहे हैं। सिद्धारमैया के बेंगलुरु आवास पर गुरुवार को उनके वफादार कई विधायकों ने उनसे मुलाकात की। सिद्धारमैया एवं खड़गे ने अलग-अलग कहा, ‘आलाकमान निर्णय करेगा (मुख्यमंत्री पद पर)।’
पूर्व उपमुख्यमंत्री सिद्धारमैया 2006 में कांग्रेस में शामिल हुए और उनपर ‘बाहरी’ का टैग लगा हुआ है। उन्होंने यह कहकर सहानुभूति कार्ड खेलने का प्रयास किया कि 5 मई का चुनाव उनके जीवन का आखिरी चुनाव है। खड़गे अनुभवी नेता हैं और कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस समिति एवं विपक्ष के नेता के रूप में काम कर चुके हैं। और भी नेताओं ने इसके लिए दावेदारी जताई है। इनमें केपीसीसी के अध्यक्ष आरवी देशपांडे, केपीसीसी के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष डीके शिवकुमार, लिंगायत के वरिष्ठ नेता श्यामानुर शिवशंकरप्पा और टी.बी. जयचंद्र भी हैं जो निवर्तमान विधानसभा में कांग्रेस के उपनेता थे। देशपांडे ने कहा, ‘मुख्यमंत्री बनने की इच्छा रखने में कोई बुराई नहीं है। कोई प्रतियोगिता नहीं है और कोई मतभेद नहीं है (दावेदारों के बीच)। हर कोई आलाकमान के निर्णय का पालन करेगा।’ (एजेंसी)
|
First Published: Friday, May 10, 2013, 00:07
|
टिप्पणी
जवाब छोड़ें
|
|
|
|