'कर्नाटक मे राहुल ने जिताया'
प्रधानमंत्री मनमोहन सिह ने बुधवार को कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत से साफ है कि जनता ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विचारधारा को नकार दिया है। प्रधानमंत्री ने यहां संवाददाताओं से कहा, "यह स्पष्ट रूप से कर्नाटक में सत्तारूढ़ भाजपा की विचारधारा के खिलाफ आया नतीजा है। देश के लोग जानते हैं कि कौन क्या है? लोगों ने भाजपा की विचारधारा को खारिज कर दिया है, जैसा कि कर्नाटक के चुनाव परिणाम से जाहिर होता है।" कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के प्रयासों की सराहना करते हुए मनमोहन ने कहा, "राहुल ने चुनाव प्रचार अभियान में अग्रणी भूमिका निभाई और कड़ी मेहनत की। मैं कर्नाटक के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं।" |
कांग्रेस का हुआ कर्नाटक
कर्नाटक विधानसभा के लिए पांच मई को हुए चुनावों की बुधवार को हो रही मतगणना में कांग्रेस ने खासा बढ़त बना ली है। कांग्रेस की सरकार बनना लगभग तय नजर आ रहा है। वहीं, बीजेपी को पछाड़कर जेडीएस दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनने की ओर अग्रसर है। अब तक प्राप्त नतीजे के अनुसार, मतगणना में 15 सीटों के परिणाम आ चुके हैं, जिनमें से कांग्रेस ने 11 पर जीत दर्ज कर ली है। अधिकारियों ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा के जनता दल (एस) ने दो सीटें जीती हैं और भाजपा तथा निर्दलीय के खाते में अब तक एक-एक सीट गई है। |
'कर्नाटक में सरकार हमारी'
कांग्रेस नेता और कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद के प्रबदल दावेदार सिद्धारमैया ने आज कांग्रेस पार्टी के भारी बहुमत हासिल करने का दावा किया है। उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस इस चुनाव में 120 से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल करेगी और सरकार बनाएगी । उन्होंने कहा कि वह इस बात को लेकर आश्वस्त है कि जीत कांग्रेस की होगी और हमें किसी से भी गठजोड़ करने की जरूरत नहीं होगी। |
'कर्नाटक में वोट बंटा'
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को शुरू हुई वोटों की गिनती में रुझानों में कांग्रेस के बढ़त बनाए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने इस बात को स्वीकार किया कि पार्टी इस दक्षिणी राज्य में सत्ता से बाहर होने के रास्ते पर है। बीजेपी के वरिष्ठ नेता प्रकाश जावड़ेकर ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बीएस येदियुरप्पा के पार्टी से अलग होने और अपनी पार्टी बनाने के बाद कर्नाटक में वोट बंट गया है। वोटों के बंटने से पार्टी के मिलने वाले कुल सीटों पर असर पड़ेगा। जावड़ेकर ने यह भी कहा कि कर्नाटक चुनाव से सभी को कुछ राजनीतिक पाठ सीखने को मिलेंगे। |
कर्नाटक का फैसला आज
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को वोटों की गिनती जारी है। अब तक 194 सीटों पर रुझान सामने आए हैं। जिसमें कांग्रेस 87 सीटों पर आगे है और बीजेपी 41 सीटों पर आगे है। वहीं, कर्नाटक जनता पार्टी (केजेपी) 11 सीट और जेडीएस 43 पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं, अन्य दल 12 सीटों पर आगे हैं। |
कर्नाटक चुनाव में 70 फीसदी वोट
कर्नाटक विधानसभा चुनाव में आज करीब 4.35 करोड़ मतदाताओं में से अनुमानत: 70 फीसदी ने मतदान किया और यह भी अनुमान है कि संकट में घिरी भाजपा की स्थिति डांवाडोल है जबकि कांग्रेस मजबूत बनकर उभरने वाली है। कर्नाटक के मुख्य चुनाव अधिकारी अनिल कुमार झा ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि शाम पांच बजे तक 63 फीसदी मतदान की खबर थी लेकिन शाम में जो रूख देखा उससे हम अनुमान लगा रहे हैं कि यह 70 फीसदी तक पहुंचा होगा।’ |
कर्नाटक चुनाव: भिड़े कार्यकर्ता
कर्नाटक के कोलार में रविवार को जारी मतदान के दौरान जेडी (एस) और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प होने की खबर है। राज्य में विधानसभा के लिए मतदान हो रहा है। पुलिस ने मौके पर पुहंचकर बीच-बचाव किया और कार्यकर्ताओं को एक-दूसरे से दूर किया। |
कर्नाटक चुनाव: मोदी बनाम सोनिया
कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव प्रचार अंतिम चरण में है। गुरुवार को गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र की संप्रग सरकार और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर जमकर हमला बोला, वहीं कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भाजपा को आड़े हाथों लिया। |
सुषमा पर राहुल का पलटवार
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर निशाना साधने वाली भाजपा नेता सुषमा स्वराज को आड़े हाथों लेते हुए राहुल गांधी ने आज कहा कि भाजपा नेता कर्नाटक में भ्रष्टाचार के बारे में बात नहीं करती हैं। यहां एक रैली को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा, ‘कल भाजपा नेता (सुषमा) ने संसद में भ्रष्टाचार के बारे में बात की। लेकिन वह कर्नाटक के बारे में बात नहीं करेंगी। वह अपने मित्रों (संभवत बेल्लारी के रेड्डी बंधुओं) के बारे में कुछ नहीं कहेंगी। भाजपा के लोगों को कर्नाटक में भ्रष्टाचार नहीं दिखाई देता है।’ राहुल गांधी की ओर से सुषमा स्वराज को ऐसे समय निशाना बनाया गया है जब एक दिन पहले ही भाजपा नेता ने सदन में संप्रग सरकार पर करारा प्रहार किया और बाद में सोनिया गांधी पर अपने पार्टी के सदस्यों को उनके भाषण में बाधा डालने के लिए उकसाने का आरोप लगाया था। सुषमा ने आरोप लगाया था कि सोनिया गांधी की संसदीय परंपरा के प्रति कोई प्रतिबद्धता नहीं है। |
कर्नाटक में गरजे मोदी
कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार करने रविवार को यहां पहुंचे गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी केंद्र की संप्रग सरकार पर जमकर बरसे। मोदी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि गुजरात जैसी विकास की आंधी कर्नाटक में भी चलेगी। उन्होंने लोगों से चुनाव में कांग्रेस को वोट न देने की अपील की। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने बार-बार कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर हमला बोला। मोदी ने राहुल को उनके उस बयान के लिए आड़े हाथ लिया जिसमें कांग्रेस नेता ने कहा था कि ‘एक आदमी कुछ नहीं कर सकता’। मोदी ने राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि उनकी पार्टी हाल ही में जयपुर में हुये सम्मेलन में किए गए वादों से पीछे हट रही है। |
कर्नाटक में मायावती की तलाशी
कर्नाटक में शनिवार को चुनाव-प्रचार करने पहुंची बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती को निर्वाचन आयोग के अधिकारियों का सामना करना पड़ा। अधिकारियों ने उनके हेलीकॉप्टर और वाहन की तलाशी ली। तलाशी लिए जाने पर मायावती काफी नाराज हो गईं। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी की तलाशी क्यों नहीं ली जाती। |
|