कर्नाटक चुनाव: आज समाप्त हो जाएगा चुनाव प्रचार |
|
|
|
बेंगलुरु : कर्नाटक में पांच मई को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को प्रचार अभियान समाप्त हो जाएगा। चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा और कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं ने अपने अपने दलों के पक्ष में जनादेश जुटाने के लिए एक दूसरे दल पर तीखे प्रहार किए।
भ्रष्टाचार मुख्य मुद्दा रहा। कांग्रेस ने राज्य के सत्तारूढ़ दल को ‘भ्रष्टाचार के चैंपियन’ के रूप में पेश किया जबकि भाजपा ने टूजी घोटाले और राष्ट्रमंडल घोटाले के मुद्दे पर कांग्रेस पर पलटवार किया। हालांकि भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह, दिग्गज नेता लाल कृष्ण आडवाणी और लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज ने कई जनसभाओं को संबोधित किया लेकिन यह गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ही थे जो असल में छा गए।
कांग्रेस की ओर से उपाध्यक्ष राहुल गांधी स्टार प्रचारक रहे। पार्टी में उनके नंबर दो बनने के बाद कर्नाटक चुनाव से गुजरने वाला पहला बड़ा राज्य है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुलबर्गा और यहां तीन रैलियां संबोधित की। राहुल ने कल तीन जनसभाओं को संबोधित किया था। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी चुनाव प्रचार में हिस्सा लिया। उन्होंने कर्नाटक की भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार तथा केंद्रीय धन के इस्तेमाल में विफलता का आरोप लगाया। कांग्रेस और खासकर राहुल गांधी पर सबसे धारदार प्रहार मोदी ने किया और इसे मनोबल ऊंचा रखने के लिए भाजपा का अंतिम प्रयास समझा जा रहा है। मोदी ने मेंगलूर और बेलगाम में जनसभाओं को संबोधित किया।
राज्य में 223 विधानसभा सीटों के लिए पांच मई को चुनाव होंगे। पिरियापटना का चुनाव भाजपा उम्मीदवार की मौत की वजह से 28 मई को होगा। मतगणना आठ मई को होगी। वर्ष 2008 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 33.86 फीसदी वोट ही मिले थे, उसके बाद भी वह 110 सीटें जीतने में कामयाब रही थी। कांग्रेस ने 34.59 फीसदी वोट हासिल किया था लेकिन उसे 80 सीटें ही मिली थी। जनता दल सेकुलर 19.13 फीसदी वोट के साथ 28 सीटें जीती थी। (एजेंसी)
|
First Published: Thursday, May 2, 2013, 20:03
|
टिप्पणी
जवाब छोड़ें
|
|
|
|