कर्नाटक में नहीं चलेगी मोदी की तिकड़मबाजी: कांग्रेस |
|
|
|
बेंगलुरु : गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी पर पलटवार करते हुए कांग्रेस ने गुरुवार को कहा कि कर्नाटक में 5 मई को होने वाले विधानसभा चुनावों में उनकी ‘तिकड़मबाजी’ नहीं चलेगी।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव बीके हरिप्रसाद ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि प्रचार के दौरान मोदी के भाषण कुछ और नहीं बल्कि तिकड़मबाजी हैं। यह काम नहीं आएगी क्योंकि कर्नाटक की जनता ऐसी तिकड़मों में दिलचस्पी नहीं लेती। हरिप्रसाद मोदी के दो दौर के प्रचार अभियान पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। प्रचार अभियान के दौरान मोदी ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर बार-बार निशाना साधा था।
एआईसीसी महासचिव ने कहा कि मोदी को कर्नाटक से सीखना चाहिए कि अपने राज्य को चहुंमुखी विकास के रास्ते पर कैसे ले जाया जाए, वहां सिर्फ टाटा नैनो का संयंत्र लाने से ऐसा नहीं होने वाला। उन्होंने कहा कि मोदी को विकास का हमारा मॉडल लागू करना चाहिए जिसे हमने कर्नाटक में अपने शासन के दौरान लागू किया था। यह सवाल पूछे जाने पर कि कांग्रेस अपनी उपलब्धियों को मोदी की तरह सफलता से भुनाने में नाकाम क्यों रही है, इस पर हरिप्रसाद ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा का राजनीतिक एजेंडा अलग-अलग है।
हरिप्रसाद ने कहा कि उनका एजेंडा संविधान के अनुच्छेद 370 को खत्म करना है जिसके तहत जम्मू-कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा मिला हुआ है। उनका एजेंडा समान नागरिक संहिता वापस लाना और राम मंदिर का निर्माण है जबकि हमारा एजेंडा युवाओं, महिलाओं और वंचितों सहित सभी वर्ग के लोगों का विकास है। यह सवाल किए जाने पर कि कांग्रेस कितनी सीटें जीतने की उम्मीद कर रही है, इस पर हरिप्रसाद ने कहा कि पार्टी बहुमत हासिल करेगी और अगली सरकार बनाएगी। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में हरिप्रसाद ने कहा कि खास तौर पर सोनिया गांधी के एआईसीसी अध्यक्ष बनने के बाद से पार्टी ने किसी मुख्यमंत्री को नहीं बदला है।
उन्होंने कहा कि हमने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में अशोक चव्हाण को उस वक्त बदला जब उनके खिलाफ एक केस दर्ज किया गया। हमने आंध्र प्रदेश और अरणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्रियों को उनकी मृत्यु के बाद बदला। जिसे भी कर्नाटक का मुख्यमंत्री बनाया जाएगा, वह पांच साल तक शासन करेगा। (एजेंसी)
|
First Published: Thursday, May 2, 2013, 20:00
|
टिप्पणी
जवाब छोड़ें
|
|
|
|