Last Updated: Friday, December 6, 2013, 19:28

नई दिल्ली : चुनाव परिणाम आने में अब जबकि मात्र दो दिन शेष रह गए हैं तब मुख्य विपक्षी दल भाजपा ने माना कि दिल्ली में सत्ता विरोधी मत कुछ हद तक आम आदमी पार्टी (आप) के भी खाते में गये हैं हालांकि पहले वह इस पार्टी को कोई महत्व नहीं देती थी।
भाजपा दिल्ली प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विजय गोयल ने शुक्रवार को यहां संवाददाताओं से कहा कि निश्चित रूप से आम आदमी पार्टी की उपस्थिति को नकारा नहीं जा सकता और उन्होंने इस लडाई को त्रिकोणीय बना दिया। लेकिन यह तो केवल समय ही बतायेगा कि उन्होंने किसके भविष्य पर कुठाराघात किया है। आप के मुख्य विपक्षी दल की कीमत पर सत्ता विरोधी मत पाने के बारे में पूछे जाने पर गोयल ने माना कि आप ने कुछ हद तक सत्ता विरोधी मतों में सेंध लगायी है जो भाजपा के खाते में जाते। उन्होंने हालांकि विश्वास व्यक्त किया कि उनकी पार्टी को दिल्ली में स्पष्ट बहुमत मिलेगा।
गोयल ने कहा कि लोग कांग्रेस के 15 साल के कुशासन से मुक्ति चाहते हैं। वे बिजली, पानी, महंगाई और भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं से निजात चाहते हैं। लोग बदलाव चाहते हैं और यह बदलाव केवल भाजपा ही ला सकती है। यह पूछे जाने पर कि भाजपा को कितनी सीटें मिलने की उम्मीद है, उन्होंने कहा कि 70 सदस्यीय सदन में स्पष्ट बहुमत 36 सीटों से शुरू होता है। भाजपा के मुख्यमंत्री पद के दावेदार हषर्वर्धन ने किसी भी तरह की राजनीतिक टिप्पणी करने से परहेज किया लेकिन बार बार पूछे जाने पर उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि हमने पूरे साल पढाई की, परीक्षा अच्छी हुई और हम अच्छे नतीजे की उम्मीद कर रहे हैं। (एजेंसी)
First Published: Friday, December 6, 2013, 19:28