Last Updated: Friday, March 21, 2014, 10:56
ब्रसेल्स : यूरोपीय संघ ने रूस एवं यूक्रेन की 12 और हस्तियों पर संपत्ति संबंधी तथा यात्रा प्रतिबंध लगा दिए हैं। मास्को द्वारा क्रीमिया को रूस में मिलाए जाने के बाद यूरोपीय खेमे के निशाने पर आए इन लोगों की संख्या अब बढ़कर 33 हो गई है।
फ्रांसीसी राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद ने यूरोपीय संघ के प्रमुखों की बैठक के बाद इन कदमों की घोषणा की। पिछले दो सप्ताह से भी कम समय में ये नेता यूक्रेन संकट पर चर्चा करने के लिए दूसरी बार जुटे। ओलांद ने कल कहा कि रूस को समझना चाहिए कि यह सब नहीं चल सकता । उसे वार्ता का मार्ग अपनाना चाहिए। जिन लोगों पर ये प्रतिबंध लगाए गए हैं, उनका नाम आज सार्वजनिक किया जाएगा।
यूरोपीय संघ की ओर से यह कदम अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की उस घोषणा के बाद उठाया गया है, जिसमें उन्होंने 20 रूसी सांसदों और वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के खिलाफ नए दंडात्मक कदमों की बात कही थी। 11 लोगों को पहले ही कार्रवाई का निशाना बनाया जा चुका है। रूस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए 9 अमेरिकी अधिकारियों के खिलाफ प्रतिबंधों की अपनी सूची जारी की है। इस सूची में वरिष्ठ राजनीतिक लोगों और ओबामा के सहयोगियों के नाम हैं। (एजेंसी)
First Published: Friday, March 21, 2014, 10:56