मिस्र में हिंसक संघर्ष में 38 की मौत, 700 से ज्यादा घायल- Fresh violence erupts at mass funeral in Egypt

मिस्र में हिंसक संघर्ष में 38 की मौत, 700 से ज्यादा घायल

मिस्र में हिंसक संघर्ष में 38 की मौत, 700 से ज्यादा घायल काहिरा : मिस्र के शहर पोर्ट सईद में 21 फुटबॉल प्रेमियों को मौत की सजा सुनाये जाने के बाद भड़की हिंसा में मारे गए लोगों के अंतिम संस्कार के दौरान हुई ताजा हिंसा के बाद अभी तक मरने वालों की संख्या 38 हो गई है। घटना में अभी तक 700 से भी ज्यादा लोग घायल हुए हैं।

शवों को खुले ताबूतों में सफेद कफन में लपेट कर शहर के मुख्य भाग से ले जाया जा रहा था जहां गोलीबारी की घटना होने के कारण अफरा-तफरी मच गई लेकिन बाद में स्थिति सामान्य हो गई।

‘इजिप्ट इंडिपेंडेट’ की खबर के अनुसार, अंतिम संस्कार के दौरान अज्ञात लोगों ने गोलीबारी शुरू कर दी जिसमें कम से कम 400 लोग घायल हो गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि पोर्ट सईद में सुरक्षा बलों और प्रदर्शनकारियों के बीच भीषण संघर्ष में मारे जानेवाले लोगों की संख्या 38 हो गयी। मंत्रालय के बयान के बाद ही राष्ट्रपति कार्यालय ने बयान जारी किया।

कल एक अदालत ने पोर्ट सईद के क्लब अल-मसरी के 21 प्रशंसकों को पिछले साल फरवरी में एक मैच के बाद भड़की हिंसा में 74 लोगों के मारे जाने के मामले में मौत की सजा सुनाई थी। जिसके बाद दंगे भड़क गये। हिंसा ऐसे समय में हुई है जब मिस्र में विद्रोह के चलते राष्ट्रपति हुस्नी मुबारक के हटने के दो साल पूरे होने पर मिस्र में अशांति का माहौल है। (एजेंसी)

First Published: Monday, January 28, 2013, 08:55

comments powered by Disqus