Last Updated: Sunday, July 29, 2012, 14:39
मास्को : रूस यूरोपीय संघ द्वारा सीरिया पर लगाए जाने वाले प्रतिबंधों का साथ नहीं देगा और न ही उसके ध्वज तले सफर कर रहे जहाजों की जांच की इजाजत देगा। यह बात रूसी विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने कही।
समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती के अनुसार विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अलेक्सांद्र लुकाशेविच ने कहा, सीरिया के खिलाफ यूरोपीय संघ के किसी भी तरह के उपायों में हिस्सा लेने का हमारा कोई इरादा नहीं है।
उन्होंने कहा कि रूस अपने ध्वज तले सफर कर रहे जहाजों के निरीक्षण की इजाजत नहीं देगा या फिर सीरिया के खिलाफ किसी भी प्रतिबंधात्मक उपाय का इस्तेमाल नहीं करेगा।
लुकाशेविच ने कहा रूस सीरिया के खिलाफ एकतरफा प्रतिबंधों के पूरी तरह खिलाफ है।
सीरिया में जारी हिसा को देखते हुए यूरोपीय संघ ने उसके खिलाफ नए प्रतिबंधों को स्वीकृति दी है। जिनमें हथियारों पर कड़े प्रतिबंध भी शामिल है।
यूरोपीय संघ के 27 देशों के विदेश मंत्रीयों ने यूरोपीय संघ के दायरे में आने वाले हवाई और जल मार्ग से सीरिया की तरफ जाने वाले ऐसे हवाई जहाजों और जहाजों की तलाशी पर सहमति बन गई है, जिनके बारे में संदेह हो कि वे हथियार और अन्य तरह की विस्फोटक सामग्री सीरिया ले जा रहे हैं जिनका इस्तेमाल असद सरकार विरोधियों को दबाने के लिए कर सकती है।
यूरोपीय संघ ने सीरिया सरकार से सम्बंध रखने वाले 129 लोगों और 49 कम्पनियों पर लगे प्रतिबंधों की समय-सीमा बढ़ाने का भी फैसला किया है। (एजेंसी)
First Published: Sunday, July 29, 2012, 14:39