Last Updated: Sunday, May 26, 2013, 21:25

नई दिल्ली : उत्तर भारत में भीषण गर्मी का कहर जारी है तथा उत्तर प्रदेश का इटावा 46.7 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म स्थान रहा। राष्ट्रीय राजधानी में भी गर्मी से कोई राहत नहीं है तथा तापमान 44 डिग्री से थोड़ा कम रहा। दिल्ली में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री रहा जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 29.3 डिग्री रहा जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। दिल्ली में आर्द्रता स्तर 44 और 21 प्रतिशत के बीच रहा।
उत्तर प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में गर्मी की चुभन बनी हुई है। इटावा में अधिकतम 46.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। राज्य में अधिकतर स्थलों पर मौसम शुष्क रहा तथा आगरा एवं मेरठ मंडलों में तापमान सामान्य स्तर से अधिक रहा। मौसम विभाग ने बताया कि मुरादाबाद एवं झांसी मंडलों में भी तापमान सामान्य स्तर से अधिक रहा हालांकि गोरखपुर मंडल में यह सामान्य से कम था।
राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में भीषण गर्मी का दौर जारी है। श्रीगंगानगर अधिकतम 43.5 डिग्री के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थल रहा। जयपुर में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री, कोटा में 43.3 डिग्री, चुरू 43 डिग्री, जैसलमेर 42.5 डिग्री और बीकानेर में 41.6 डिग्री दर्ज किया गया।
पंजाब और हरियाणा के क्षेत्रों में भी गर्मी का दौर जारी है। अमृतसर में अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। लुधियाना एवं पटियाला में यह क्रमश: 43.4 डिग्री एवं 42.7 डिग्री रहा। हरियाणा के हिसार में अधिकतम तापमान 43 डिग्री रहा जबकि अंबाल में यह 42.4 डिग्री रहा। पिछले कुछ दिनों गर्मी के कारण पंजाब में छह और हरियाणा में दो लोगों की जान गयी है।
केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में यह 42.8 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन में पंजाब एवं हरियाणा के कुछ स्थानों में गरज के साथ छीटे पड़ने या मामूली बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। (एजेंसी)
First Published: Sunday, May 26, 2013, 21:25