Last Updated: Monday, July 1, 2013, 10:17
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और सूबे के अन्य जिलों में पिछले 24 घंटों से हो रही लगातार बारिश ने पारे को नीचे गिरा दिया है। मौसम विभाग के अनुसार अभी अगले दो दिनों तक बारिश का दौर यूं ही जारी रहेगा। उप्र मौसम विभाग के अनुसार विगत दो दिनों से पूर्वी और पश्चिमी उप्र में मानसून सक्रिय होने की वजह से बारिश हो रही है। अगले 72 घंटों तक मौसम का यही रुख बरकरार रहने की उम्मीद है।
रविवार को बारिश की वजह से लखनऊ का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा। विभाग के अधिकारियों के मुताबिक सोमवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
विभाग के मुताबिक राजधानी के अलावा सोमवार को वाराणसी का न्यूनतम तापमान 21 डिग्री, इलाहाबाद का 21.2 डिग्री और कानपुर का 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। (एजेंसी)
First Published: Monday, July 1, 2013, 10:17