Last Updated: Thursday, June 5, 2014, 12:48
ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली : दिल्ली और उत्तर भारत सहित देश के कई इलाकों में प्रचंड गर्मी का कहर जारी है। राजधानी दिल्ली में गर्म हवा के झोंके और लू चलने से लोग आज भी हलकान रहे और पारा 44 से 45 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली के लोगों को अगले कुछ दिनों तक गर्मी का यह कहर आगे भी झेलना पड़ सकता है।
उधर मौसम विज्ञान विभाग ने आज (5 जून) मानसून के केरल तट पर पहुंचने का अनुमान जताया है। जबकि पिछले वर्ष 2013 में मानसून ने एक जून को ही केरल में दस्तक दे दी थी। राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को भी लू का दौर जारी है और मौसम विज्ञानियों का पूर्वानुमान है कि आज अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। उत्तर भारत के सभी राज्यों में भीषण गर्मी और लू का कहर जारी है।
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस रहा जो कल के मुकाबले लगभग दो डिग्री सेल्सियस अधिक है। कल का न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस था। आज अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
शहर में कल का अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस था। अधिकारियों ने कहा, ‘आज और कल आसमान साफ रहेगा।’ आज सुबह साढ़े आठ बजे तक 40 प्रतिशत आर्द्रता दर्ज की गई। कल का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। (एजेंसी इनपुट के साथ)
First Published: Thursday, June 5, 2014, 12:48