Last Updated: Saturday, January 25, 2014, 17:24
ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली: दिल्ली के खिड़की एक्सटेंशन इलाके में मध्य रात को छापे मारने के विवादों में घिरे दिल्ली के कानून मंत्री सोमनाथ भारती आज (शनिवार को) मीडिया के सवालों पर भड़क गए। उन्होंने मीडियाकर्मी से कहा, भाजपा के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने कितने पैसे दिये? मीडियाकर्मी भारती से दिल्ली महिला आयोग और उनके वकीलों के बीच शुक्रवार को हुई कहासुनी को लेकर उनकी प्रतिक्रिया जानना चाह रहे थे। इसी सवाल को लेकर सोमनाथ भारती अपना आपा खो बैठे। इतना ही नहीं, उन्होंने दिल्ली महिला आयोग पर ही सवाल खड़े कर दिए। उन्होंने कहा, महिला आयोग राजनीतिक है। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष बरखा सिंह कांग्रेस की सदस्य हैं। बरखा सिंह को इस्तीफा देना चाहिए। हालांकि बाद में सोमनाथ भारती ने मीडिया से बदसलूकी पर माफी मांगी। उन्होंने कहा, मेरे बयान का गलत मतलब निकाला गया, मैं अपने बयान को वापस लेता हूं।
भारती को लेकर चल रहे विवादों के सिलसिले में पत्रकारों के सवालों के बीच कानून मंत्री ने उन पर गुजरात के मुख्यमंत्री से धन लेने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा ‘आपको मोदी से कितना धन मिला है ?’ भारती पर आरोप है कि पिछले सप्ताह दक्षिण दिल्ली में कथित नशीली दवाओं का कारोबार और देह व्यापार करने वाले एक गिरोह पर छापा मारने के बहाने कुछ अफ्रीकी महिलाओं के साथ ‘आप’ कार्यकर्ताओं के एक समूह ने दुर्व्यवहार किया था और इस समूह की अगुवाई भारती कर रहे थे। इन आरोपों के बाद दिल्ली महिला आयोग ने भारती को कल तलब किया था।
कानून मंत्री से कहा गया था कि वह अपने खिलाफ आरोपों के बारे में आयोग के समक्ष सफाई दें। लेकिन उन्होंने अपने वकील को भेज दिया। आयोग के समक्ष वकील ने कहा कि भारती कुछ आवश्यक कारणों के चलते पेश नहीं हो पाए। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष बरखा सिंह ने भारती के वकील को मंत्री का जवाब पेश करने की अनुमति नहीं दी। इसके बाद सिंह और भारती के वकील के बीच दिल्ली महिला आयोग के कार्यालय के बाहर सबके सामने वादविवाद हो गया। सिंह कांग्रेस की पूर्व विधायक हैं। आम आदमी पार्टी ने कल एक बयान में कहा था कि वह दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष द्वारा आयोग के कार्यालय का राजनीतिकरण किए जाने को सिरे से नकारती है।
दिल्ली सरकार के कानून मंत्री सोमनाथ भारती के लिए आज का दिन मुश्किलों भरा हो सकता है। आज दिल्ली पुलिस खिड़की एक्सटेंशन विवाद में अपनी रिपोर्ट कोर्ट में जमा करेगी। युगांडा की महिलाओं के कोर्ट में शिकायत करने के बाद कोर्ट ने इस रिपोर्ट को तैयार करने के लिए दक्षिण दिल्ली के डीसीपी को आदेश दिया था। दूसरी ओर, दिल्ली महिला आयोग आज उपराज्यपाल नजीब जंग से मिलकर सोमनाथ के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग करेगा।
उधर, सोमनाथ भारती का कहना है कि दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष बरखा सिंह कांग्रेस की सदस्य हैं और वह राजनीति से प्रेरित होकर मुद्दे को इतना तूल दे रही हैं। सूत्रों का कहना है कि दिल्ली सरकार दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष बरखा सिंह को पद से हटाना चाहती है। सूत्रों के मुताबिक सरकार को लगता है कि बरखा सिंह ने खिड़की एक्सटेंशन विवाद को जानबूझकर राजनीतिकरण किया है। सूत्रों का कहना है कि बरखा सिंह को चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद ही यह पद छोड़ देना चाहिए था, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।
योग गुरू रामदेव ने भी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कानून मंत्री सोमनाथ भारती के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। दक्षिण दिल्ली में आधी रात में की गई छापेमारी में अपनी भूमिका को लेकर भारती आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं। इस घटना में भीड़ ने कुछ अफ्रीकी महिलाओं को प्रताड़ित किया था और उनसे बदसलूकी की थी।
रामदेव ने कहा, केजरीवाल जी को कुछ साहस दिखाना चाहिए, उन्हें अपने मंत्री के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। ऐसा नहीं करने से उनकी छवि खराब होगी। उन्होंने कहा, जब कभी अन्य पार्टियों से जुड़े लोगों के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं केजरीवाल जी ने फौरन जांच कराए जाने की मांग की। लेकिन जब अपने लोगों और मंत्रियों की बारी आई तब वह खुद जांच कर रहे हैं और उन्हें क्लिन चिट दे रहे हैं।
First Published: Saturday, January 25, 2014, 12:12