Last Updated: Monday, March 3, 2014, 19:29

कर्च (यूक्रेन) : रूस समर्थित सैनिकों ने आज क्रीमिया के पूर्वी छोर पर स्थित एक नौका टर्मिनल पर कब्जा कर लिया, जिससे इस बात की आशंका जोर पकड़ रही है कि मास्को सामरिक महत्व के काला सागर क्षेत्र में और अधिक सैनिक उतारने की योजना बना रहा है। यूक्रेन के कर्च शहर में स्थित यह टर्मिनल रूस से करीब 20 किलोमीटर दूर है। पश्चिमी देशों द्वारा रूसी घुसपैठ को रोकने की कोशिशों के बीच यह कार्रवाई हुई है।
यह टर्मिनल रूस जाने वाले कई जहाजों के लिए एक साझा रवानगी स्थल है। आज सुबह सैनिक इस टर्मिनल को संचालित कर रहे थे। यूक्रेन ने इन सैनिकों को रूसी सैनिक बताया है। सैनिकों ने क्रीमिया में हवाई अड्डे पर कब्जा कर लिया और एक हवाई ठिकाने पर साजो सामान तोड़ डाले तथा इस प्रायद्वीप में स्थित थल सेना के एक ठिकाने पर कब्जा कर लिया।
रूस की सेना के कदम पर दुनिया भर की राजधानियों में रोष जाहिर किया जा रहा है। अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से अपने कदम पीछे खींचने को कहा है। क्रीमियाई प्रायद्वीप पर बगैर किसी गोलीबारी के रूस द्वारा कब्जा किए जाने के एक दिन बाद यूक्रेन की राजधानी में यह आशंका जोर पकड़ रही है रूस इसके अलावा पूर्वी यूक्रेन के अन्य हिस्सों पर अपना नियंत्रण स्थापित करने की कोशिश कर सकता है।
ओबामा प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि अमेरिका अब यह मान रहा है कि रूस ने क्रीमिया पर नियंत्रण स्थापित कर लिया है। देश का यह एक रूस समर्थक इलाका है। क्षेत्र में 6,000 से अधिक सैनिक हैं। रूसी खतरे का सामना कर रहे यूक्रेन की नयी सरकार अपने प्राधिकार को मजबूत करने की कोशिश में जुटी है। देश के नौसेना प्रमुख द्वारा क्रीमिया में रूस समर्थित सरकार के प्रति निष्ठा जताए जाने की घोषणा करने के बाद उन्हें बख्रास्त कर दिया गया है।
यूक्रेन के प्रधानमंत्री आर्सेनी यात्सेनयुक ने कहा कि यूक्रेन में धावा बोलने का रूसियों को पास कोई वजह नहीं है और चेतावनी दी कि हम आपदा की कगार पर खड़े हैं। उन्होंने कल कीव में कहा था, हमारा मानना है कि हमारे पश्चिमी सहयोगी और समूचा वैश्विक समुदाय क्षेत्रीय अखंडता तथा यूक्रेन की एकता का समर्थन करेगा। (एजेंसी)
First Published: Monday, March 3, 2014, 19:22