US ने पुतिन के सहयोगियों, रूसी कंपनियों पर ताजा प्रतिबंध लगाया

US ने पुतिन के सहयोगियों, रूसी कंपनियों पर ताजा प्रतिबंध लगाया

US ने पुतिन के सहयोगियों, रूसी कंपनियों पर ताजा प्रतिबंध लगायावाशिंगटन : अमेरिका ने यूक्रेन में अवैध दखल और उकसाऊ कार्यों को लेकर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से करीबी तौर पर जुड़े सात रूसी अधिकारियों और 17 कंपनियों पर सोमवार को नए प्रतिबंध लगाए।

अमेरिका ने आरोप लगाया कि पुतिन सरकार ने यूक्रेन की संप्रभुता और अखंडता का उल्लंघन जारी रखा है।

अमेरिका ने चेतावनी दी कि आज के दंडात्मक कदमों के बाद और अधिक सख्त प्रतिबंध लगाए जाएंगे जिनमें निर्यात प्रतिबंध शामिल है।

व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव जे कार्नी ने बताया कि यूक्रेन में रूस के अवैध हस्तक्षेप और उकसाउ कार्यों के जवाब में अमेरिका ने आज की कार्रवाई की। रूसी हस्तक्षेप से शांति, सुरक्षा, स्थायित्व, संप्रभुता और यूक्रेन की अखंडता कमजोर हुई है।

अमेरिकी राजकोष विभाग ने रूसी सरकार के सात अधिकारियों पर प्रतिबंध लगाया है जिनमें पुतिन से करीबी रूप से जुड़े दो सदस्य भी हैं। इन लोगों को संपत्ति जब्त होने और अमेरिकी वीजा प्रतिबंधों का सामना करना पड़ेगा।

इसके अलावा 17 रूसी कंपनियों पर भी प्रतिबंध लगाया गया है जिनकी संपत्ति जब्त कर ली जाएगी। एक बयान में विभाग के मंत्री जैकोब लीयू ने आरोप लगाया कि यूक्रेन के खिलाफ रूस की खतरनाक और भड़काउ कार्रवाई अवैध है।

उन्होंने कहा कि चूंकि रूस ने जिनेवा समझौता का पालन करने से इनकार कर दिया है ऐसे में अमेरिका ने यह कदम उठाया है। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, April 29, 2014, 00:09

comments powered by Disqus