ज़ी मीडिया ब्यूरो नई दिल्ली/लखनऊ : लोकसभा चुनावों के पांचवें चरण में 12 राज्यों की 121 सीटों पर गुरुवार को मतदान होगा और किसी एक चरण में यह सबसे अधिक सीटों पर मतदान है।
पांचवें चरण में नंदन नीलेकणि (कांग्रेस), मेनका गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौडा (जेडीएस), केन्द्रीय मंत्री वीरप्पा मोइली (कांग्रेस) और श्रीकांत जेना, सुप्रिया सूले और लालू प्रसाद की बेटी मीसा भारती सहित 1769 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में बंद हो जाएगी।
पांचवें चरण की 121 लोकसभा क्षेत्रों में कुल 16.61 करोड़ मतदाता हैं। इन सीटों में से, कांग्रेस के पास 36 जबकि मुख्य विपक्षी दल भाजपा के पास 40 सीटें हैं। मतदान कर्नाटक की 28, राजस्थान की 20, महाराष्ट्र की 19, उत्तर प्रदेश और ओडिशा की 11-11, मध्य प्रदेश की 10, बिहार की सात, झारखंड की छह, पश्चिम बंगाल की चार, छत्तीसगढ़ की तीन, जम्मू कश्मीर और मणिपुर की एक एक सीट पर होगा। ओडिशा में लोकसभा की 11 और विधानसभा की 77 सीटों पर मतदान होना है। राज्य में लोकसभा चुनावों के प्रमुख चेहरे केंद्रीय मंत्री श्रीकांत जेना और बीजद के पूर्व केन्द्रीय मंत्री अर्जुन सेठी हैं। झारखंड में छह लोकसभा सीटों पर मतदान होना है।
इस राज्य में लोकसभा के उपाध्यक्ष और भाजपा उम्मीदवार करिया मुंडा, पूर्व केन्द्रीय मंत्री जसवंत सिन्हा का बेटा जयंत सिन्हा और पूर्व केन्द्रीय मंत्री तथा कांग्रेस के सुबोध कांत सहाय प्रमुख चेहरे हैं। राजस्थान में कल 20 सीटों पर 239 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होना है। इन सीटों में से 15 पर कांग्रेस और चार पर भाजपा का कब्जा है। इसके अलावा, पश्चिम बंगाल की चार सीटों दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कूच बिहार और अलीपुरद्वार पर कल मतदान होगा। इन सीटों पर पिछले चुनाव में एआईएफबी, आरएसपी, माकपा और भाजपा के प्रत्याशी जीते थे।
दार्जिलिंग सीट पर गोजमो समर्थित भाजपा प्रत्याशी एसएस अहलूवालिया और तृणमूल कांग्रेस के बाईचुंग भूटिया के बीच कांटे की टक्कर होने की संभावना है। छत्तीसगढ़ की जिन तीन सीटों पर मतदान होना है उन सभी पर पिछले लोकसभा चुनावों में राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा का परचम लहरा था। इन सीटों पर 45 लाख 56 हजार 51 मतदाता पांच महिलाओं सहित 50 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। मध्य प्रदेश की 10 सीटों पर 142 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।
जम्मू कश्मीर की एक सीट पर 14 लाख मतदाता 18 उम्मीदवारों के भविष्य का फैसला करेंगे। मणिपुर में कल एक सीट पर मतदान होना है जिस पर आठ उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।
उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण पश्चिमाचंल की 11 लोकसभा सीटों के लिये गुरुवार को होने वाले मतदान में लगभग 1.85 करोड़ मतदाता 150 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। इनमें पूर्व केन्द्रीय मंत्री मेनका गांधी, संतोष गंगवार, सलीम शेरवानी, सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के भतीजे धर्मेन्द्र यादव तथा बेगम नूर बानो शामिल हैं। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी उमेश सिन्हा ने आज यहां बताया कि गुरुवार को जो 1.85 करोड़ लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे, उनमें लगभग एक करोड़ पुरुष, लगभग 84 लाख महिलाएं, 11 हजार 571 सर्विस वोटर तथा 1134 अन्य मतदाता हैं। इनके लिए कुल 18975 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
यह बताते हुए कि दूसरे चरण में 3206 मतदान केन्द्र संवेदनशील चिन्हित किये गये है, सिन्हा ने बताया कि शांतिपूर्ण माहौल में निष्पक्ष मतदान के लिए इस चरण में लगभग 45 हजार पुलिसकर्मियों तथा 44 हजार होमगार्ड जवानों के अलावा पर्याप्त संख्या में केन्द्रीय अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में निष्पक्ष मतदान के लिए 11 सामान्य एवं इतने ही व्यय प्रेक्षकों के साथ एक पुलिस प्रेक्षक तथा 2119 माइक्रो प्रेक्षक तैनात किये गये है।
सिन्हा ने बताया कि भाजपा, बसपा और सपा ने कल मतदान वाली सभी 11 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि कांग्रेस ने आठ, रालोद ने एक, सीपीआई ने दो तथा सीपीएम ने एक सीट पर अपना प्रत्याशी खड़ा किया है। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में जिन 11 सीटों पर मतदान होना है उनमें नगीना (सुरक्षित) मुरादाबाद, रामपुर, सम्भल, अमरोहा, बदायूं, आंवला, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर (सुरक्षित) तथा खीरी लोकसभा सीटें शामिल है। (एजेंसी इनपुट के साथ)
First Published: Wednesday, April 16, 2014, 20:00