अखिलेश ने भाजपा पर 'दंगे' कराने का लगाया आरोप

गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मुजफरनगर दंगा पीड़ितों के दर्द को अपना दर्द करार देते हुए भारतीय जनता पार्टी को देश में ‘दंगे’ करवाने वाली पार्टी करार दिया है। अखिलेश ने यहां रामलीला मैदान में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित रैली में दावा किया कि प्रदेश सरकार दंगा पीड़ितों की हर संभव मदद कर रही है और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी।

भारतीय जनता पार्टी पर लोगों को धर्म के नाम पर वोट बटोरने तथा लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि निकट भविष्य में केंद्र में बनने वाली नई सरकार में समाजवादी पार्टी की अहम भूमिका रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह चुनाव जाति व धर्म से उपर का चुनाव है। आज तक न तो भारत का निर्माण हुआ है और न गुजरात का माडल देश में कहीं दिखाई दे रहा है।

कांग्रेस व भाजपा पर बाहरी प्रत्याशियों का सहारा लेने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ समय पहले तक जो लोग समाजवादी पार्टी पर फिल्मी कलाकारों की मदद लेने का आरोप लगा रहे थे, उन्हीं दलों को फिल्मी कलाकारों को सहारा लेना पड़ रहा है। कांग्रेस व भाजपा पूरे उत्तर प्रदेश का कलाकारों से घेराव करा रही है। इसके बावजूद यहां की जनता विकास के नाम पर समाजवादी पार्टी के साथ आ खड़ी हुई है। इस समय यह चुनाव पूरी तरह से एकतरफा हो चुका है।

कांग्रेस व भाजपा नेताओं पर प्रचार के लिए विदेशी कंपनियों का सहारा लेने का आरोप लगाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आज दोनों दलों द्वारा झूठे प्रचार के माध्यम से देश की जनता को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेसी नेताओं की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के प्रधानमंत्री और वित्तमंत्री चुनाव लड़ने से क्यों भाग रहे हैं। भाजपा के निवर्तमान सांसद पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भाजपा में इस कदर भगदड़ मची हुई है कि नेता अपने क्षेत्र बदल-बदल कर चुनाव लड़ रहे हैं। राजबब्बर का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी हर बार अपना चुनाव क्षेत्र क्यों बदल रहे हैं।

प्रदेश सरकार द्वारा राज्य में शुरू की गई लैपटॉप योजना, एंबुलेंस योजना, बिजली उत्पादन, एमबीबीएस में सीटें बढ़ाने, पुलिस कर्मियों को तरक्की देने समेत कई बड़ी उपलब्धियां गिनवाते हुए मुख्यमंत्री ने विकास के नाम पर पार्टी प्रत्याशी सुधन रावत को वोट देने की अपील करते हुए कहा कि सपा का कोई प्रतिनिधि सरकार में न होने के बावजूद सरकार ने गाजियाबाद का समुचित विकास करवाया है। (एजेंसी)
First Published: Sunday, March 30, 2014, 23:23
First Published: Sunday, March 30, 2014, 23:23
comments powered by Disqus

ओपिनियन पोल

क्‍या चुनाव में करारी हार के बाद सोनिया गांधी को कांग्रेस अध्‍यक्ष पद से इस्‍तीफा देना चाहिए?