
लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को बदायूं और कासंगज में पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभाओं में भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा चालू पार्टी है। वह पत्थरों को दूध पिला देती है। भाजपा से जनता होशियार रहे।
उन्होंने कहा कि चुनाव में समाजवादी पार्टी की लोकप्रियता की वजह से सभी पार्टियां उ.प्र. में हमे घेर रही हैं। कोई न तो लड़ाई के मैदान में और नहीं उपलब्धियों के मुकाबले में है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव गति पकड़ेगा, पार्टी मजबूत होती जाएगी। समाजवादी पार्टी की सरकार ने जनता के लिए काम किया है। जनहित की योजनाएं लागू की हैं। भाजपा के लोग झूठे प्रचार कर रहे हैं।
अखिलेश ने कहा कि जमीन की हकीकत और किसानों की समस्याओं को सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ही समझते हैं। मोदी और भाजपा के पास किसानों के लिए कोई नीति नहीं है। भाजपा का घोषणापत्र उद्योगपतियों के हितों की पूर्ति के लिए बनाया गया है। अखिलेश ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था, विदेश नीति पर भाजपा की ओर से केाई चर्चा नहीं हो रही है। महंगाई, भ्रष्टाचार से देश तबाह है। कांग्रेस ने अपनी साख खो दी है। बसपा को कुशासन की वजह से ही जनता ने सत्ता के बाहर का रास्ता दिखा दिया है। भाजपा करोड़ों रुपये खर्च कर लहर का झूठा भ्रम पैदा कर रही है।
सपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश सरकार द्वारा जनहित के तमाम निर्णयों की चर्चा करते हुए कहा कि लैपटॉप वितरण योजना से किसानों के बच्चों की हीनभावना दूर हुई है। अब गरीब बच्चे भी घर बैठे देश-दुनिया की खबर जान सकेंगे। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, April 15, 2014, 08:43