.jpg)
नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव में आप के निष्प्रभावी प्रदर्शन के साथ ही भाजपा ने दिल्ली की उन 27 विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त बना ली है जिनपर आम आदमी पार्टी का कब्जा है। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके पूर्व मंत्रियों की सीटें भी शामिल हैं।
आप के सबसे ज्यादा विधायकों वाले नयी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में भाजपा नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में बढ़त बनाने में सफल रही है। केजरीवाल ने इस सीट से शीला दीक्षित को 12,590 से ज्यादा मतों से हराया था। सरकारी आंकड़े के अनुसार, इस विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी मीनाक्षी लेखी को 38,074 वोट मिले हैं जबकि आप के आशीष खेतान को 25,484 मत मिले हैं।
गौरतलब है कि नयी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के 10 विधानसभा सीटों में से सात पर आप के विधायक हैं जो करोल बाग, पटेल नगर, दिल्ली कैंट, नयी दिल्ली, कस्तूरबा नगर, मालवीय नगर और ग्रेटर कैलाश का प्रतिनिधित्व करते हैं। अफ्रीकी महिलाओं के साथ र्दुव्यवहार को लेकर विवादों में घिरे दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री सोमनाथ भारती की विधानसभा सीट मालवीय नगर में भाजपा को 43,111 वोट मिले हैं जबकि आप को 26,116 मत मिले हैं। ग्रेटर कैलाश क्षेत्र में लेखी को 38,074 वोट मिले हैं जबकि आप के खेतान को महज 25,484 मत मिले हैं।
चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र में आप के चार विधायक हैं। लेकिन यहां भी भाजपा को सभी चार सीटों शालीमार बाग, शकूर बस्ती, मॉडल टाउन और सदर बाजार में आप पर बढ़त मिली है। (एजेंसी)
First Published: Monday, May 19, 2014, 10:24