
नौगांव : कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को भाजपा और उसके प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर ब्रितानियों की तरह देश को बांटने के लिए लोगों को भड़काने का आरोप लगाया।
चुनावी प्रचार के लिए चौथी बार राज्य के दौरे पर आए कांग्रेसी नेता ने भाजपा पर कथित रूप से ‘‘ब्रिटिश राज की तरह देश बांटने’’ का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, ‘‘ब्रिटिश राज की तरह, विपक्षी और मोदी भी फूट डालो और शासन करो की नीति में विश्वास करते हैं। मोदी महाराष्ट्र जाते हैं और वहां लोगों को उकसाते हैं कि कर्नाटक में महिलाओं को पीटा जा रहा है।’’ राहुल ने कहा, ‘‘विपक्षी केवल आलोचनाएं करते हैं और कभी किसी की अच्छाई की बात नहीं करते।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम आक्रामक नहीं हैं। हम प्रेम, भाईचारे और एकता की बात करते हैं। असम के श्री शंकरदेब (14वीं सदी के सामाजिक-धार्मिक सुधारक) की तरह गांधीजी ने पूरे देश की एकता के लिए काम किया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भारत की शक्ति हिन्दुओं, मुस्लिमों, ईसाइयों, सिखों और जैनों की एकता में है। भारत को इनसे मजबूती मिलती है।’’ (एजेंसी)
First Published: Saturday, April 19, 2014, 18:51