BJP व्यक्तिवाद से ग्रस्त पार्टी: प्रियंका गांधी

BJP व्यक्तिवाद से ग्रस्त पार्टी: प्रियंका गांधीरायबरेली: कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी वाड्रा ने परोक्ष रूप से भारतीय जनता पार्टी पर व्यक्तिवाद से ग्रस्त पार्टी होने का आरोप लगाते कहा कि विपक्षी दलों के विपरीत उनकी पार्टी की विचारधारा लोगों को जोड़ने की है और उम्मीद है कि आगामी लोकसभा चुनाव में जनता सही निर्णय लेकर देश के मजबूत भविष्य के लिये कांग्रेस को वोट देगी।

प्रियंका ने अपनी मां कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय निर्वाचन क्षेत्र रायबरेली में अपना अभियान शुरू करते हुए अमावां के रसेहटा गांव में आयोजित चुनावी सभा में कहा कि कांग्रेस की विचारधारा जनता को मजबूत करने की है जबकि दूसरी विचारधारा कुछ लोगों को आगे बढ़ाने और दूसरों को नकारने की है।

उन्होंने कहा ‘एक विचारधारा हमारी है कि जनता मजबूत बने। कांग्रेस ने जितनी योजनाएं बनायीं सब आपको मजबूत करने के लिये बनायीं। चाहे वह भोजन का अधिकार हो, शिक्षा का अधिकार हो या सूचना का अधिकार हो। जब इंसान में अपने अधिकारों का एहसास होगा तो उसमें सफलता के लिये अभिलाषा बढ़ती है।’ प्रियंका ने भाजपा की तरफ इशारा करते हुए कहा ‘दूसरी विचारधारा है कि सारी क्षमताएं एक व्यक्ति में हो। एक व्यक्ति सारे निर्णय लेगा। जितना भी सरकार का काम है, जितनी योजनाएं हैं, कार्यक्रम हैं, वे सब कुछ चुने हुए व्यक्तियों के हाथों में होंगे। यह बहुत विपरीत तरह की विचारधारा है।’

कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका ने कहा ‘कांग्रेस की विचारधारा जोड़ने की रही है। हम देश की एकता के लिये काम करते हैं। विपक्षी दलों की यह विचारधारा है कि वे कुछ लोगों को आगे बढ़ाना चाहते हैं और दूसरों को नकारते हैं।’ उन्होंने कहा ‘रायबरेली में सिर्फ सोनिया जी का चुनाव नहीं है। सिर्फ अपने भविष्य के लिये नहीं बल्कि देश के भविष्य के लिये भी सोचना है। हमें पूरा विश्वास है कि जनता से ज्यादा समझदार कोई नहीं है। आप सही निर्णय लेंगे, सही पार्टी को चुनेंगे और देश का भविष्य मजबूत बनाएंगे।’ प्रियंका ने भावनात्मक अपील करते हुए कहा ‘जब आप मतदान का निर्णय लेंगे तो यह भी सोचियेगा कि रायबरेली इंदिरा जी का क्षेत्र था। क्षेत्र में मिलीजुली संस्कृति का विकास हुआ है। शांति से सब लोग मिलजुलकर रहे हैं।’ (एजेंसी)
First Published: Wednesday, April 16, 2014, 13:28
First Published: Wednesday, April 16, 2014, 13:28
comments powered by Disqus

ओपिनियन पोल

क्‍या चुनाव में करारी हार के बाद सोनिया गांधी को कांग्रेस अध्‍यक्ष पद से इस्‍तीफा देना चाहिए?