लखनऊ : उत्तर प्रदेश में अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति के लिये सुरक्षित सभी 17 सीटों पर भाजपा ने कब्जा किया है और उनमें से 12 सीटों पर दूसरे स्थान पर रही बसपा समेत सभी प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी उससे मीलों पीछे रहे।
प्रदेश की सुरक्षित सीटों में नगीना, बुलन्दशहर, हाथरस, आगरा, शाहजहांपुर, हरदोई, मिश्रिख, मोहनलालगंज, इटावा, जालौन, कौशाम्बी, बाराबंकी, बहराइच, बांसगांव, लालगंज, मछलीशहर और राबर्ट्सगंज शामिल हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में सपा ने इन 17 में से 10 सीटों पर कब्जा किया था। बसपा ने सिर्फ इन्हीं 17 सीटों पर दलितों को टिकट दिये थे और वे सभी हार गए।
चुनाव नतीजों पर नजर डालें तो इस बार प्रदेश की सुरक्षित सीटों में से 12 पर बसपा दूसरे नम्बर पर रही लेकिन वोटों के लिहाज से उसके प्रत्याशी भगवा दल के उम्मीदवारों से मीलों पीछे रहे। सबसे कम मतों का अंतर लालगंज सीट पर रहा जहां भाजपा उम्मीदवार ने बसपा प्रत्याशी को 63 हजार 86 मतों से हराया। भाजपा ने बुलन्दशहर सीट चार लाख 11 हजार 973 मतों से, हाथरस सीट तीन लाख 26 हजार 386 मतों से, आगरा सीट तीन लाख 263 मतों से, नगीना सीट 92 हजार 390 मतों से, शाहजहांपुर सीट दो लाख 35 हजार 529 मतों से, मिश्रिख सीट 87 हजार 363 वोटों से, मोहनलालगंज सीट एक लाख 45 हजार 416 वोटों से, जालौन सीट दो लाख 87 हजार 202 मतों से, बांसगांव सीट एक लाख 89 हजार 516 वोटों से, मछलीशहर सीट एक लाख 71 हजार 523 मतों से तथा राबर्ट्सगंज सीट एक लाख 90 हजार 443 वोटों से जीती। इन सभी सीटों पर बसपा दूसरे स्थान पर रही। (एजेंसी)
First Published: Saturday, May 17, 2014, 16:39