केंद्र ने बिहार और हिन्दुस्तान को बर्बाद कर दिया: मोदी

केंद्र ने बिहार और हिन्दुस्तान को बर्बाद कर दिया: मोदी गया/सासाराम: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को बिहार में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि पूरे देश में शांति का संदेश देने वाली बोधगया की धरती को आतंकवादियों ने लहुलूहान कर दिया गया परंतु यहां के सरकार को इसकी चिंता नहीं। उन्हें एक ही चिन्ता है कि कहीं उनके वोट बैंक को खतरा न हो जाए। मोदी ने कहा कि आतंकवाद को समाप्त करने के लिए संकल्प लेना होगा। गया में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने बिहार और केन्द्र सरकार पर आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया और कहा कि ऐसे लोगों ने बिहार और हिन्दुस्तान को बर्बाद कर दिया है।

उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध की इस धरती पर लाखों पर्यटक आते हैं जिससे गरीब तबके के लोगों को रोजगार मिलता है। उसी पर्यटकों को समाप्त करने का काम हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि बोधगया में आतंकी घटना के बाद पर्यटकों की संख्या में कमी आई है, आखिर इससे नुकसान किसको हुआ? मोदी ने कहा कि गया की भूमि लोगों को जोड़ने की भूमि है।

उन्होंने झारखंड के लातेहार के कुटकू डैम जलाशय योजना की चर्चा करते हुए कहा कि वर्ष 1975 में इस योजना पर कार्य प्रारंभ हुआ था, अब तक इस योजना पर 800 करोड़ रुपये खर्च हो गए हैं परंतु इस योजना को पर्यावरण विभाग ने रोक दिया है। उन्होंने बताया कि इस योजना से बिहार के 25 लाख लोगों को फायदा होता। उन्होंने केन्द्र सरकार और बिहार सरकार से इसके लिए जवाब मांगा।

इसके पहले मोदी के संबोधन से पूर्व ही सभास्थल पर हंगामा हो गया। सभा में मौजूद भीड़ बैरिकेटिंग तोड़कर आगे बढ़ रही थी तब पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। जिसके बद लोगों ने हंगामा प्रारंभ कर दिया। भीड़ ने पुलिस पर जूते-चप्पल भी फेंके। जब मोदी सभा को संबोधित करने लगे तो लोग शांत हुए। इस सभा में लोकजनशक्ति पार्टी के रामविलास पासवान भी मौजूद थे।

इसके पूर्व `धान का कटोरा` कहे जाने वाले सासाराम में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने लोगों से कांग्रेस से नाता तोड़ने का आह्वान किया। सासाराम के बाजार समिति मैदान में लोगों को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि धान का कटोरा कहे जाने वाले इस क्षेत्र में किसानों के लिए अगर ज्यादा फसल हो जाए तब भी परेशानी है और पैदावार नहीं हो तब भी परेशानी है।

उन्होंने कहा कि अगर पैदावार हो जाए तब यहां के किसानों के लिए अनाज रखने के स्थान नहीं हैं। अगर किसान से अनाज खरीद भी ली जाती है तो वह रेल पटरियों के किनारे सड़ता रहता है। क्या किसान सड़ने के लिए आनाज पैदा करता है?

उन्होंने सासाराम के दुर्गावती जलाशय योजना के लिए भी कांग्रेस पर हमला किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1976 में बाबू जगजीवन राम के प्रयासों से यहां दुर्गावती जलाशय योजना का शिलान्यास किया गया था परंतु आज इसके खर्च की अनुमानित लागत दस गुना हो गई परंतु यहां उस योजना का नामोनिशान नहीं दिखता।

मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नदियों को जोड़ने के सपने की बात करते हुए कहा कि अगर केन्द्र की सरकार अगर यह योजना प्रारंभ करती है तो आज बिहार के एक हिस्से में न लोग बाढ़ से परेशान होते और न ही एक क्षेत्र के लोग सूखे से प्रभावित होते। भ्रष्टाचार को लेकर तीखा प्रहार करते हुए मोदी ने कांग्रेस पर अपने घोषणापत्र में गलत वायदा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस झूठ बोलती है। सासाराम सीट पर भाजपा के उम्मीदवार छेदी पासवान तथा गया से भाजपा से हरि मांझी चुनाव मैदान में हैं। (एजेंसी)
First Published: Thursday, March 27, 2014, 19:29
First Published: Thursday, March 27, 2014, 19:29
comments powered by Disqus

ओपिनियन पोल

क्‍या चुनाव में करारी हार के बाद सोनिया गांधी को कांग्रेस अध्‍यक्ष पद से इस्‍तीफा देना चाहिए?