
नई दिल्ली : लोकसभा चुनावों के सातवें चरण की 89 सीटों पर प्रचार का शोर सोमवार को खत्म हो गया और इन सीटों पर मतदान 30 अप्रैल को होना है जिसमें सोनिया गांधी, नरेंद्र मोदी, लालकृष्ण आडवाणी और राजनाथ सिंह जैसे दिग्गज नेताओं की किस्मत ईवीएम में बंद होगी।
इन सीटों पर जबर्दस्त प्रचार अभियान के दौरान नेताओं ने एक दूसरे पर जमकर निजी हमले किये।
कुल नौ चरणों में से इस सातवें चरण में सात राज्यों की जिन सीटों पर मतदान होना है उसमें गुजरात की सभी 26, तेलंगाना की 17, पंजाब की 13 और केन्द्र शासित प्रदेशों की दो सीटें शामिल हैं। इन क्षेत्रों में कुल एक हजार से अधिक उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।
बुधवार की जिन चर्चित सीटों पर मतदान होना है उसमें रायबरेली (सोनिया गांधी), वडोदरा (नरेंद्र मोदी), गांधी नगर (आडवाणी) और लखनऊ (राजनाथ सिंह) शामिल हैं।
इन चरण में अन्य चर्चित चेहरों में केन्द्रीय मंत्री फारूक अब्दुल्ला (श्रीनगर), भाजपा के अरूण जेटली और कांग्रेस के अमरिंदर सिंह (अमृतसर), भाजपा के मुरली मनोहर जोशी और कांग्रेस के श्रीप्रकाश जायसवाल (कानपुर), जदयू प्रमुख शरद यादव (मधेपुरा) भी शामिल हैं।
उमा भारती और केन्द्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य झांसी से चुनावी मैदान में हैं जबकि केन्द्रीय मंत्री जितिन प्रसाद धौरहरा और राष्ट्रीय अजा, अजजा आयोग के प्रमुख पीएल पुनिया बाराबंकी से चुनावी मैदान में हैं। मोदी ने विकास, भ्रष्टाचार और दामाद रोबर्ट वाड्रा के भूमि सौदों का मुददा उठाते हुए सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर निशाना साधा और भाजपा के लिए जमकर प्रचार किया। सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने कांग्रेस का नेतृत्व करते हुए मोदी और भाजपा पर सांप्रदायिक और विभाजनकारी होने का आरोप लगाया।
राहुल ने अदाणी समूह से मोदी के कथित संबंधों का मुददा उठाया जबकि अमेठी और रायबरेली में प्रचार करते हुए प्रियंका ने उनके पति पर निशाना साधने के लिए भाजपा को आड़े हाथ लिया। सातवें चरण की मतदान वाली सीटों में उत्तर प्रदेश की 11, बिहार की सात, पश्चिम बंगाल की नौ तथा जम्मू कश्मीर, दादर नगर हवेली और दमन . दीव की एक एक सीट शामिल है।
मोदी के गृहराज्य गुजरात की 26 सीटों पर 413 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। वडोदरा में मोदी को चुनौती देने के लिए कांग्रेस ने मधुसूदन मिस्री को उतारा है जबकि वरिष्ठ नेता शंकरसिंह वघेला साबरकांठा से चुनाव लड़ रहे हैं। तीसरे विकल्प के रूप में खुद को पेश करने के लिए आतुर आम आदमी पार्टी ने 24 सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं।
गुजरात में 45380 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं जबकि कुल 4.05 करोड़ मतदाता हैं। अपने चुनावी हलफनामे में मोदी द्वारा पहली बार अपनी शादी की बात स्वीकार करने से विरोधियों को आलोचना करने का एक बिन्दु मिल गया। उत्तर प्रदेश की 11 सीटों पर 233 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं जिनकी किस्मत का फैसला 2.4 मतदाता करेंगे।
उत्तर प्रदेश में धौरहरा, सीतापुर, मिसरिख (सु), उन्नाव, मोहनलालगंज (सु), लखनऊ, रायबरेली, कानपुर, जालैान (सु), झांसी, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर और बाराबंकी (सु) में जबकि बिहार में मधुबनी, झंझारपुर, मधेपुरा, दरभंगा, समस्तीपुर (सु), बेगुसराय और खगड़िया में मतदान होना है। पश्चिम बंगाल में नौ सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इन सीटों पर कुल 87 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं जिसमें भाजपा के बप्पी लहिरी, चंदन मित्रा, जार्ज बेकर और तृणमूल कांग्रेस के वर्तमान सांसद शताब्दी राय, कल्याण बनर्जी, सुल्तान अहमद के अलावा प्रसून बनर्जी और कांग्रेसी उम्मीदवार अब्दुल मन्नान शामिल हैं।
पश्चिम बंगाल में जिन सीटों पर मतदान होना है उसमें हावड़ा, उलूबेरिया, श्रीरामपुर, हुगली, आरामबाग (सु), बर्धमान पूर्व (सु), बर्धमान दुर्गापुर, बोलपुर (सु) और बीरभूम शामिल है।
जम्मू कश्मीर में श्रीनगर सीट पर आज शाम चुनाव प्रचार समाप्त हुआ जहां नेशनल कांफ्रेंस के उम्मीदवार फारूक अब्दुल्ला सहित अन्य उम्मीदवार मैदान में हैं।
तेलंगाना की 17 लोकसभा सीटों और 119 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। इस क्षेत्र में तेलंगाना राष्ट्र समिति के अलावा कांग्रेस और तेदेपा . भाजपा गठबंधन और वाईएसआर कांग्रेस मुख्य प्रतिद्वंद्वी हैं। कांग्रेस की ओर से केन्द्रीय मंत्री जयराम रमेश प्रचार के लिए हैदराबाद में डेरा डाले रहे।
पंजाब की सभी सीटों पर मतदान होना है जहां 253 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर है। अरविंद केजरीवाल नीत आप भी पंजाब में पूरे जोश के साथ चुनावी मैदान में उतरकर भाजपा और कांग्रेस को चुनौती दे रही है।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने हालांकि पंजाब में प्रचार नहीं किया जबकि नरेंद्र मोदी ने एक ही दिन में पांच लगातार रैलियां कीं। पंजाब में अक्षय खन्ना, विवेक ओबेराय, किरन खेर, गुल पनांग, मनोज तिवारी, पूनम ढिल्लो, सनी देयोल और सुनील शेट्टी, क्रिकेटर गौतम गंभीर और पूर्व क्रिकेटर बिशन सिंह बेदी ने प्रचार करके ग्लैमर का तड़का लगाया। (एजेंसी)
First Published: Monday, April 28, 2014, 22:16