
भोपाल: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज ने कांग्रेस पर भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी से डरे होने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि मोदी के नेतृत्व में देश विकास के पथ पर आगे बढ़ेगा। सुषमा स्वराज ने आगर जिले के नलखेड़ा में आयोजित जनसभा में बुधवार को कहा कि आज कांग्रेस नीत संप्रग सरकार के कारण देश की छवि विश्व में धूमिल हुई है। कांग्रेस के घोटालों ने आकाश, पाताल और धरती किसी को भी नहीं छोड़ा। आज देश की जनता मंहगाई और भ्रष्टाचार से त्रस्त है। संप्रग सरकार की जनविरोधी नीतियों से देश का हर वर्ग पीड़ित है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार के बोझ से दब चुकी है, उसने एक के बाद एक नित नए घोटाले कर कीर्तिमान बनाया है। कांग्रेस घोटाला करती है, बाद में उसे छिपाती है और जब छिपाने में कामयाब नहीं होती है तो घोटाले से जुड़ी फाइलें नष्ट करने का काम करती है। कांग्रेस का विकास से कोई सरोकार नहीं रह गया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सुशासन, विकास और सुरक्षा को लेकर राजनीति करती है। कांग्रेस की कथनी और करनी में भारी अन्तर है। यही कारण है कि भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी से कांग्रेस डरी हुई है। उन्होंने कहा कि संप्रग शासनकाल के 10 वर्षो में हुए घोटालों के कारण देश में बेहताशा महंगाई बढ़ी है। कांग्रेस सभी मोर्चे पर विफल साबित हुई है। बेरोजगारी बढ़ती जा रही है और देश में उद्योग धंधे बंद हैं। लोकसभा चुनाव हमारे सामने एक अवसर है कांग्रेस को देश से विदा करने का।
उन्होंने कहा कि देश की जनता का सौभाग्य है कि गुजरात को विकास में अग्रणी राज्य बनाने वाले मोदी जैसे सशक्त नेतृत्व को जिताकर देश के विकास में सहभागी बनने का मौका मिला है। स्वराज ने कहा कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाए संचालित कर प्रदेश के हर वर्ग और हर समुदाय को राहत पहुंचाई है। बीमारू राज्य कहलाने वाला मध्यप्रदेश अब देश के अग्रणी विकसित राज्य की श्रेणी में आ चुका है।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव व्यक्ति और पार्टी का नहीं यह चुनाव देश के सुशासन, विकास, सुरक्षा के लिए है। देश में पूंजी और उद्यमिता की नहीं है, आवश्यकता है तो जनोन्मुखी नीतियों की और नेतृत्व की, जिनकी पूर्ति मोदी के नेतृत्व में होगी। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, April 9, 2014, 19:09