कांग्रेस ने भारत को बनाया ‘स्कैम इंडिया’ : मोदी

कांग्रेस ने भारत को बनाया ‘स्कैम इंडिया’ : मोदीसंत कबीर नगर : भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस पर जनता से वादाखिलाफी और एक से बढ़कर एक घोटाले करने का आरोप लगाते हुए कहा कि ‘जल, थल और नभ’ तक में गबन करने वाली इस पार्टी ने देश को ‘स्कैम इंडिया’ बना दिया।

मोदी ने भाजपा प्रत्याशी शरद त्रिपाठी के समर्थन में खलीलाबाद में आयोजित चुनावी सभा में कहा ‘कांग्रेस ने केन्द्र में अपने 10 साल के शासनकाल में एक से बढ़कर एक स्कैम किये। जल हो थल हो या नभ हो... हर जगह लूट की.... क्या यह लूट चलने देनी है? इन्होंने एक के बाद एक घोटाले किये और देश को ‘स्कैम इंडिया’ बना दिया।’ उन्होंने कहा ‘वर्ष 2009 के चुनाव घोषणापत्र में कांग्रेस ने कहा था कि वह पांच साल में 10 करोड़ नवजवानों को रोजगार देंगे, मैं पूछना चाहता हूं कि यहां कितने नवजवानों को रोजगार मिला। आप बताएं यह धोखेबाजी है कि नहीं। आज का नवजवान रोजीरोटी के लिये तरस रहा है। उसे काम चाहिये। 60 साल में कांग्रेस ने यह नहीं किया।’ मोदी ने दावा किया कि केन्द्र में जब भाजपा की अटल बिहारी वाजपेयी सरकार थी तब उसने अपने छह साल के कार्यकाल में साढ़े छह करोड़ नजवानों को रोजगार दिया था। ‘मां-बेटे’ की यह सरकार 10 साल में डेढ़ करोड़ लोगों को भी रोजगार नहीं दे पायी।

उन्होंने कहा ‘दिल्ली की मां-बेटे की सरकार को उत्तर प्रदेश की बाप-बेटे की सरकार भी नहीं बचा पायेगी, इसीलिये सोनिया दिन में बार-बार भगवान का नाम लेती हैं। आप सोच सकते हैं कि उनकी मुसीबत कितनी बड़ी है।’ मोदी ने कहा ‘मैं सोचता रहता हूं कि रोजगार का क्या होगा, किसान को कैसे बचाएं, गुंडागर्दी कैसे रोकें... पानी की समस्या समेत तमाम मुद्दों का हल सोचता रहता हूं लेकिन ये सब सोचते हैं कि मोदी का हल क्या है।’ भाजपा नेता ने दावा किया ‘मतदाताओं ने दिल्ली में बनने वाली केन्द्र की सरकार का शिलान्यास कर दिया है। दिल्ली में आपको मजबूत सरकार बनाना है। मैं बेरोजगारी, गुंडागर्दी को खत्म करने की बात करता हूं तो ये धर्मनिरपेक्षता की बात करते हैं। आजादी के इतने साल गुजर जाने के बाद भी मां-बहनों को खुले में शौच के लिये जाना पड़ता है।’’ उन्होंने कहा कि अगर हमारे देश के नवजवानों को रोजगार देना है तो उनकी क्षमता का विकास करना होगा। अगर वे हुनरमंद हो जाएंगे तो भूखे नहीं रहेंगे। सारी दुनिया में क्षमता विकास का महत्व है। मेरा बहुत बड़ा सपना है कि देश के करोड़ों नवजवानों को हुनरमंद बनाउं। (एजेंसी)





First Published: Friday, May 2, 2014, 14:41
First Published: Friday, May 2, 2014, 14:41
comments powered by Disqus

ओपिनियन पोल

क्‍या चुनाव में करारी हार के बाद सोनिया गांधी को कांग्रेस अध्‍यक्ष पद से इस्‍तीफा देना चाहिए?