मोदी के बजाय राहुल की शादी की चिंता करें कांग्रेसी: शिवसेना

मोदी के बजाय राहुल की शादी की चिंता करें कांग्रेसी: शिवसेनाज़ी मीडिया ब्यूरो

मुंबई: शिवसेना के मुखपत्र सामना में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ हमला बोला गया है। संपादकीय में लिखा गया है कि कांग्रेस के कई नेता खुद महिलाओं के खिलाफ अपराधों के मामलों में जेल में बंद हैं, फिर भी नरेंद्र मोदी पर सवाल उठाए जा रहे हैं। इस मुद्दे को उठाने वाले कांग्रेसियों को मूर्ख बताते हुए लिखा गया है कि मोदी की शादी पर चर्चा करने के बजाय उन्हें राहुल की शादी की चिंता करनी चाहिए।

शिवसेना के मुखपत्र में शादी विवाद को लेकर नरेंद्र मोदी का बचाव किया गया है। इसमें लिखा गया है, 'कांग्रेस के राजनीतिक गुंडों और नेताओं ने अब तक कई महिलाओं को फंसाकर उनकी जिंदगी चौपट की है। शादी और पद का लालच देकर ठगा है। कई कांग्रेसी रेप और महिलाओं पर अत्याचार जैसे मामलों में जेल में बंद हैं। वही कांग्रेस वाले नरेंद्र मोदी को लेकर और उनकी पत्नी पर हुए तथाकथिक अत्याचार के खिलाफ खड़े हैं।'

पार्टी के मुखपत्र ‘सामना’ में एक संपादकीय में कहा गया है, ‘मोदी की शादी महज एक औपचारिकता थी। स्वामी समर्थ रामदास समाज को अपना जीवन समर्पित करने के लिए शादी की रस्मों के बीच ही निकल गए थे। वहीं, मोदी और उनकी पत्नी आपसी तालमेल से अलग हुए और मोदी संघ प्रचारक बनने गए। जसोदाबेन को जब कोई शिकायत ही नहीं है तो कांग्रेस क्यों बोल रही है।’

संपादकीय में निजी मामलों पर मोदी पर निशाना साधने के लिए कुंआरे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का उपहास उड़ाया गया है और केंद्रीय मंत्री शशि थरूर को भी इसमें शामिल करते हुए कहा गया है कि अगर कांग्रेस जसोदाबेन को लेकर उतनी ही चिंतित है तो उसे रहस्यमयी परिस्थियों में मारी गयी सुनंदा पुष्कर के बारे में भी कुछ कहना चाहिए।

संपादकीय में कहा गया है, ‘बेवकूफ लोग अपनी गलतियों पर आंख मूंदे रहते हैं और दूसरे की कमियां निकालने में गर्व महसूस करते हैं।’ संपादकीय में कहा गया है कि मोदी की शादी से आम आदमी और महंगाई, भ्रष्टाचार के मुद्दे का क्या लेना देना।

सामना में कहा गया है, ‘हमारे पड़ोस में भारत विरोधी गतिविधि रूक जाएगी, क्या दाउद इब्राहीम को देश वापस लाया जाएगा। महाराष्ट्र में किसानों की आत्महत्या रूक जाएगी ? ’ साथ ही कहा गया है कि मोदी के चुनावी हलफनामे में अपनी पत्नी के नाम का उल्लेख नहीं करने के कारण गुजरात का विकास नहीं रूक गया।

पिछले सप्ताह, डोडा में एक चुनावी रैली में राहुल ने मोदी पर अपनी वैवाहिक स्थिति छिपाने का आरोप लगाया और यह भी आरोप लगाया था कि गुजरात पुलिस ने भाजपा नेता के इशारे पर सरकारी तंत्र का इस्तेमाल करते हुए एक युवती की निजता का उल्लंघन कर पीछा किया। (एजेंसी इनपुट के साथ)
First Published: Monday, April 14, 2014, 10:39
First Published: Monday, April 14, 2014, 10:39
comments powered by Disqus

ओपिनियन पोल

क्‍या चुनाव में करारी हार के बाद सोनिया गांधी को कांग्रेस अध्‍यक्ष पद से इस्‍तीफा देना चाहिए?