नई दिल्ली : नरेंद्र मोदी को ‘विनाश पुरुष’ बताने वाली उमा भारती की एक पुरानी वीडियो रिकार्डिंग को कांग्रेस द्वारा दिखाए जाने पर भाजपा ने आज कहा कि लोकसभा चुनाव में ‘निश्चित हार की हताशा’ से ग्रसित सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व वाली पार्टी अपने ‘पहले परिवार’ को बचाने का आखिरी प्रयास कर रही है।
मुख्य विपक्षी दल ने कांग्रेस को चेतावनी देते हुए कहा कि उसके पास भी उसके नेताओं के सैकड़ों वीडियो हैं और शीशे के घर में रहने वालों को दूसरे के घर पर पत्थर नहीं फेंकने चाहिए। भाजपा प्रवक्ता मीनाक्षी लेखी ने कहा कि यह हताशा भरे लम्हों के हताशा भरे कदम हैं। कांग्रेस की हताशा खुल कर सामने आ गई है। देश में किसी को इस वक्त इस बात की क्या चिंता हो सकती है कि किसी ने 2-3 साल पहले क्या कहा और वह भी तब जबकि वह व्यक्ति भाजपा में फिर से लौट आई हैं।
उन्होंने कहा कि यह हताशा की हद को पार कर जाने के कांग्रेस के लक्षण हैं कि वह अपने पहले परिवार को बचाने के लिए किस स्तर पर उतर आई है। इस वीडियो क्लिप में उमा भारती को मोदी को ‘विनाश पुरुष’ और उनके विकास के दावों को ‘धोखा’ कहते दिखाया गया है। यह उस समय की वीडियो रिकाडि’ग है जब उमा ने भाजपा से अलग होकर भारतीय जनशक्ति पार्टी बनाई थी। उन्होंने तब मोदी की आलोचना करते हुए यह भी कहा था कि उन्होंने गुजरात में हिन्दुओं को पहले कभी इतना भयभीत नहीं देखा। लेखी ने कहा कि कांग्रेस ने यह वीडियो उस समय जारी करने का फैसला किया जब उसके नेताओं के पास कुछ कहने को रह ही नहीं गया है। उन्होंने कहा कि देश के लोग ‘हर हाथ को लूट और हाथ जुबान को झूठ’ के नारे पर चले कांग्रेस के 10 साल के शासन को भुगत चुके हैं और इन चुनावों में उसे सबक सिखाने जा रहे हैं।
भाजपा के अन्य प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर ने कहा कि भाजपा के पास कांग्रेसी नेताओं और प्रवक्ताओं के ऐसे सैकड़ों वीडियो हैं। उन्होंने कहा कि शीशे के घर में रहने वाली कांग्रेस को दूसरे के घर पर पत्थर नहीं उछालने चाहिए। (एजेंसी)
First Published: Thursday, April 17, 2014, 22:43