
नई दिल्ली : एक जनमत सर्वेक्षण के मुताबिक लोकसभा चुनावों में तमिलनाडु में कांग्रेस का सफाया होता दिख रहा है जबकि आंध्रप्रदेश में इसके सीटों में काफी कमी आएगी वहीं कर्नाटक और केरल में वह प्रमुख दल के रूप में उभरेगी।
सर्वेक्षण में कहा गया है कि तमिलनाडु में भाजपा नीत संप्रग गठबंधन को 6 से 10 सीटें मिल सकती हैं जबकि अन्नाद्रमुक 15 से 21 सीटें हासिल कर सकती है वहीं द्रमुक को 10 से 16 सीटें मिलने की संभावना है।
एक न्यूज चैनल के जनमत सर्वेक्षण के मुताबिक तमिलनाडु में कांग्रेस का खाता भी खुलने का अनुमान नहीं है। सर्वेक्षण में कर्नाटक में कांग्रेस को 12 से 18 सीटें मिलने का अनुमान है जबकि भाजपा को 7 से 13 सीटें मिल सकती हैं। इसने कहा कि कांग्रेस नीत यूडीएफ गठबंधन केरल में भी बढ़त बनाती दिख रही है जहां उसे 11 से 18 सीट मिल सकती है जबकि वाम मोर्चा को 4 से 8 सीट मिलने की संभावना है। सर्वेक्षण में बताया गया है कि आंध्रप्रदेश में कांग्रेस की संभावना क्षीण है जहां वह 42 सीटों में से 4 से 8 सीटें ही हासिल कर पाएगी। इसने कहा कि तेदेपा ने जगनमोहन रेड्डी नीत वाईएसआर कांग्रेस को दूसरे स्थान पर खिसका दिया है और इसे 13 से 19 सीट हासिल हो सकती है।
जनमत सर्वेक्षण में वाईएसआर कांग्रेस को 9 से 15 सीट दी गई है जबकि टीआरएस को 4 से 8 सीट दी गई है जिसका प्रभाव तेलंगाना तक सीमित रह सकता है। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, April 2, 2014, 08:54