
नई दिल्ली : ए के एंटनी के तहत रक्षा मंत्रालय को नियंत्रणहीन और दिशाहीन करार देते हुए भाजपा नेता अरुण जेटली ने शनिवार को कहा कि संप्रग सरकार के दौरान देश की रक्षा तैयारियां गंभीर रूप से प्रभावित हुई है।
जेटली ने अपनी प्रचार डायरी में लिखा, ‘‘भूराजनीतिक वास्तविकताएं हमें इस बात का आकलन करने के लिए विवश कर रही हैं कि भविष्य में कोई भी अतिक्रमण चीन और पाकिस्तान के इर्द गिर्द देखने को मिल सकता है। हमारी रक्षा खरीद और तैयारी गंभीर रूप से प्रभावित हुई है। ए के एंटनी के तहत रक्षा मंत्रालय नियंत्रणहीन और दिशाहीन हो गया है।’’
अमृतसर से कांग्रेस के कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ रहे जेटली ने इस दिशा में पूर्व सैनिकों के संदर्भ में ‘एक रैंक, एक पेंशन’ योजना की अधिसूचना की अभी तक घोषणा नहीं की गई।
भाजपा नेता ने कहा, ‘‘पूर्व सैनिक इस बात से दुखी हैं कि एक रैंक, एक पेंशन लागू करने के वादे पर अमल नहीं किया गया। इस बारे में अधिसूचना की घोषणा अभी तक जारी नहीं की गई।’’ जेटली ने कहा, ‘‘राष्ट्रीय सुरक्षा के संबंध में संप्रग की कमजोर नीतियों के कारण उन लोगों के मन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है जो राष्ट्रीय सुरक्षा को प्राथमिकता देते हैं।’’
पंजाब में शुक्रवार को नरेन्द्र मोदी की चुनावी रैलियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘इनमें से प्रत्येक रैली में काफी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। रैलियों में लोगों की भारी संख्या में उपस्थिति और उत्साह देखा गया। मोदी का पंजाब दौरा गेमचेंजर है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि मोदी का प्रभाव युवाओं में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था। उनकी युवा पीढी को उत्साहित एवं प्रेरित करने की क्षमता भी दिख रही थी। सरकार से विमुख होने के माहौल में वह उम्मीद की किरण के रूप में सामने आए हैं।’’ (एजेंसी)
First Published: Saturday, April 26, 2014, 15:27