सौतेले भाई पर वश नहीं, भाजपा में जाने से दुखी हूं : मनमोहन सिंह

सौतेले भाई पर वश नहीं, भाजपा में जाने से दुखी हूं : मनमोहन सिंह  नई दिल्ली : प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने शनिवार को कहा कि अपने सौतेले भाई दलजीत सिंह कोहली के भाजपा से जुड़ने के फैसले से वह दुखी हैं।

पद्म सम्मान समारोह से इतर सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा, ‘‘मैं बहुत दुखी हूं। मेरा वश नहीं है। वे सभी वयस्क हैं।’’ कोहली शुक्रवार को अमृतसर में एक जनसभा में भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हो गए थे।

स्थानीय कारोबारी कोहली का भाजपा में प्रवेश प्रधानमंत्री सिंह के उस बयान के ठीक एक दिन बाद हुआ जिसमें उन्होंने देश में ‘मोदी लहर’ की धारणा से इंकार किया था।

सिंह ने आज जोर देकर कहा कि कांग्रेस केंद्र में एक बार फिर से सरकार बना सकती है। प्रधानमंत्री ने कहा संप्रग-तीन असंभव नहीं है। कोहली का भाजपा में स्वागत करते हुए मोदी ने कहा था कि वह पार्टी को मजबूत बनाएंगे।

पीएमओ सूत्रों ने कहा कि कोहली घटनाक्रम पर मनमोहन सिंह का परिवार ‘हैरान’ है। यह कहते हुए कि प्रधानमंत्री और कोहली लंबे समय से संपर्क में नहीं हैं उन्होंने कहा था, ‘‘उनकी मंशा के बारे में जानकारी नहीं है, लेकिन अपना राजनीतिक करियर बनाने के लिए वह स्वतंत्र हैं।’’ प्रधानमंत्री सिंह की छह बहनें हैं और कोहली उनके सौतेले भाई हैं। प्रधानमंत्री की माता का बहुत कम उम्र में ही निधन हो गया था। (एजेंसी)
First Published: Saturday, April 26, 2014, 14:24
First Published: Saturday, April 26, 2014, 14:24
comments powered by Disqus

ओपिनियन पोल

क्‍या चुनाव में करारी हार के बाद सोनिया गांधी को कांग्रेस अध्‍यक्ष पद से इस्‍तीफा देना चाहिए?