जयपुर : भारतीय जनता पार्टी ने बाडमेर संसदीय सीट से बागी उम्मीदवार जसवंत सिंह के विधायक पुत्र मानवेन्द्र सिंह को पार्टी से निष्कासित करने और विधानसभा की सदस्यता से अयोग्य घोषित करने के संकेत दिये है।
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष औंकार सिंह लखावत ने कहाकि पार्टी को अलग अलग स्तर से शिकायत मिली है कि पार्टी के शिव से विधायक मानवेन्द्र सिंह बाडमेर संसदीय सीट से पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार कर्नल सोना राम के खिलाफ चुनाव प्रचार में भाग ले रहे है, यह गंभीर विषय है। पार्टी स्तर पर हर विकल्प पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मानवेन्द्र सिंह को पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव प्रचार में हिस्सा लेने पर पार्टी से निकाला भी जा सकता है। उन्होंने कहा कि राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर पार्टी विधायक मानवेन्द्र सिंह को विधानसभा की सदस्यता से अयोग्य घोषित करने का आग्रह भी किया जा सकता है।
लखावत ने कहा कि पार्टी हर विकल्प पर विचार कर रही है। पार्टी इस मुद्दे पर विचार कर निर्णय लेने के लिए सभी द्वार खुले है। पार्टी संविधान के अनुसार, पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव प्रचार में हिस्सा लेना अनुशासन तोडना है। उन्होंने एक प्रश्न के जवाब में कहा कि विधायक मानवेन्द्र सिंह में नैतिकता है तो विधायक पद से त्यागपत्र देकर अपने पिता जसवंत सिंह के चुनाव प्रचार में हिस्सा ले। (एजेंसी)
First Published: Thursday, April 3, 2014, 15:05