प्रियंका गांधी का नरेंद्र मोदी को दृढ़ जवाब- मैं राजीव गांधी की बेटी हूं

by Bimal kumar
प्रियंका गांधी का नरेंद्र मोदी को दृढ़ जवाब- मैं राजीव गांधी की बेटी हूंज़ी मीडिया ब्‍यूरो/बिमल कुमार

अमेठी/नई दिल्‍ली: बीजेपी के प्रधानमंत्री उम्‍मीदवार नरेंद्र मोदी की ओर से बीते दिनों एक साक्षात्‍कार में प्रियंका गांधी को अपनी `बेटी के जैसी` कहने पर अब सियासी जंग तेज हो गई है। कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस मसले पर गुरुवार को मोदी को दृढ़ जवाब देते हुए कहा कि मैं राजीव गांधी की बेटी हूं।

प्रियंका ने एक सख्‍त संदेश देते हुए कहा, ` मैं राजीव गांधी की बेटी हूं`।
प्रियंका ने ये जवाब तब दिया जब पत्रकारों ने उनसे मोदी के बयान के बारे में पूछा। प्रियंका ने कहा, मेरे पिता इस देश के लिए बीस साल पहले मर गए। मैं उन्हें दुनिया में सबसे ज्यादा चाहती थी। किसी भी शख्स के साथ उनकी तुलना नहीं की ज सकती है। दरअसल मोदी ने उस इंटरव्‍यू में ये कहा था कि प्रियंका उनकी बेटी जैसी है, लिहाजा वो उनके बारे में कुछ नहीं कहेंगे।

प्रियंका वाहन से जाते समय रास्ते में अपने समर्थकों से मिलने के लिए रुकी थी। शुरू में उन्होंने सवालों के जवाब नहीं दिये। लेकिन बाद में वह वाहन से बाहर आ गई और सवाल का जवाब देते समय उनकी मुखमुद्रा पर कठोरता के भाव उतरे। बाद में वह अन्य किसी भी सवाल का जवाब दिए बिना चली गई।

इसी मुद्दे पर कांग्रेस नेता एवं वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने कहा है कि वह इस बात को लेकर आश्वस्त नहीं है कि सोनिया गांधी की पुत्री गुजरात के मुख्यमंत्री को ‘पितातुल्य’ मानेंगी। चिदंबरम ने कहा कि मैं आश्वस्त नहीं हूं कि क्या प्रियंका गांधी नरेन्द्र मोदी को पिता तुल्य मानकर प्रसन्न हो सकेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि मैं इस बात से प्रसन्न हूं कि नरेन्द्र मोदी प्रियंका गांधी को अपनी पुत्री के समान मानते हैं लेकिन मैं आश्वस्त नहीं हूं कि क्या वह मोदी को पिता तुल्‍य मानकर प्रसन्न होंगी। वित्त मंत्री ने दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन में मोदी के कथित बयान को लेकर प्रश्न पूछे जाने पर यह बात कही। दूरदर्शन को दिये साक्षात्कार में गुजरात के मुख्यमंत्री ने कहा था कि वह प्रियंका को अपनी पुत्री की तरह मानते हैं।

प्रियंका की यह प्रतिक्रिया चिदंबरम के उस बयान के ठीक बाद सामने आई, जिसमें वित्‍त मंत्री चिदंबरम ने कहा `मैं खुश हूं कि मोदी प्रियंका को अपनी बेटी के समान मानते हैं, लेकिन मुझे पता नहीं है कि वह मोदी को पिता तुल्य मानकर खुश होंगी या नहीं।

दरअसल, मोदी ने अभी हाल में दूरदर्शन के साथ एक साक्षात्‍कार में प्रियंका को `बेटी के जैसा` बताया था। हालांकि मोदी के प्रियंका वाले बयान को दूरदर्शन ने इंटरव्‍यू के प्रसारण के समय इस हिस्‍से को नहीं दिखाया था। इस साक्षात्‍कार को 26 अप्रैल की सुबह रिकार्ड किया गया था।

जानकारी के अनुसार, मोदी ने इस इंटरव्यू में कहा था कि प्रियंका गांधी वाड्रा उनकी बेटी की तरह हैं, इसलिए मैं उनके राजनीतिक हमलों का जवाब नहीं दे रहा। हमारे यहां बेटियों पर हमले नहीं किए जाते। मगर मोदी का ये बयान लोगों तक नहीं पहुंच पाया क्योंकि जिस दूरदर्शन को दिए इंटरव्यू में यह बात कही गई, उसे कथित तौर पर एडिट कर दिया गया।

एक रिपोर्ट के मुताबिक दूरदर्शन ने मोदी का इंटरव्यू रिकार्ड करने के दो दिन बाद तक नहीं दिखाया। फिर अचानक से उसे बिना किसी पूर्व सूचना के प्रसारित कर दिया गया। इतना ही नहीं इंटरव्यू के कई हिस्से भी संपादित कर दिए गए। उन्हीं में यह प्रियंका गांधी वाली टिप्पणी भी थी। मोदी ने कहा था कि सोनिया और राहुल गांधी मेरे राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी हैं। इसलिए मैं उनका जिक्र करता हूं। मगर प्रियंका गांधी के साथ ऐसा नहीं है।

गौरतलब है कि नरेंद्र मोदी का यह इंटरव्यू दूरदर्शन की वेबसाइट पर भी उपलब्ध नहीं है। इस इंटरव्यू के दौरान ही मोदी ने कहा था कि गुजरात दूरदर्शन को बड़ा राजस्व देता है, फिर भी उन्हें इस न्यूज चैनल पर अघोषित रूप से बैन किया जाता रहा। वहीं, प्रसार भारती के सीईओ जवाहर सिरकर ने कहा कि उन्‍हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि इस इंटरव्‍यू में से किसी अंश का संपादन किया गया है।
First Published: Thursday, May 1, 2014, 17:47
First Published: Thursday, May 1, 2014, 17:47
comments powered by Disqus

ओपिनियन पोल

क्‍या चुनाव में करारी हार के बाद सोनिया गांधी को कांग्रेस अध्‍यक्ष पद से इस्‍तीफा देना चाहिए?