
बिजनौर/सम्भल : सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने सोमवार को यहां नगीना में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव आयोग और महिला आयोग उन्हें अपमानित कर रहे हैं। उन्होंने हाल ही में महिलाओं पर मुरादाबाद की सभा में दिए गए बयान पर उठे बवाल और नोटिस दिए जाने को लेकर यह प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि मैंने महिलाओं के लिए सबसे ज्यादा लड़ाई लड़ी है।
मुलायम सिंह ने आज फिर राज्य कर्मचारियों को लुभाते हुए कहा कि उनकी केन्द्र में सरकार बनी तो कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति की उम्र 65 वर्ष कर दी जाएगी। आयकर के दायरे में आने वाले कर्मचारियों के लिए एक और लुभावना वायदा करते हुए उन्होंने कहा कि हम सत्ता में आये तो आयकर में छूट की सीमा ढाई लाख कर दी जाएगी।
भाजपा के प्रधनमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी पर प्रहार करते हए मुलायम सिंह यादव ने कहा कि उनके अपने दल के लोग ही उन्हें प्रधानमंत्री नहीं बनने देंगे।
उधर, सम्भल में मुलायम सिंह यादव ने कहा कि सिर्फ उनकी पार्टी ही साम्प्रदायिकता के खिलाफ लड़ रही है और उसी ने इस भारतीय जनता पार्टी को उत्तर प्रदेश में नौ सीटों तक सीमित किया था। यादव ने यहां एक चुनावी जनसभा में कहा कि हमें साम्प्रदायिकता के खिलाफ लड़ना होगा। सिर्फ सपा ही साम्प्रदायिक ताकतों को ध्वस्त कर सकती है। इससे पहले हम भाजपा को नौ सीटों तक रोक चुके हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर अपने ‘मित्र’ मोंटेक सिंह अहलूवालिया को योजना आयोग का उपाध्यक्ष बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि अहलूवालिया ने गरीबी से सम्बन्धित गलत रिपोर्ट पेश की थी।
यादव ने दावा किया कि बहुप्रचारित गुजरात के मुकाबले उत्तर प्रदेश में बेहतर विकास कार्य शुरू किये गये हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में हमारी सरकार अच्छा काम कर रही है। गुजरात में कोई विकास नहीं हुआ है। वह (नरेंद्र मोदी) विकास के मामले में उत्तर प्रदेश का मुकाबला नहीं कर सकते।
First Published: Monday, April 14, 2014, 19:56