कानपुर : आखिर भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी मुरली मनोहर जोशी को याद आ गया कि वह कानपुर से इस बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। वह अचानक कानपुर आ गए, कार्यकर्ताओं से मिलने जुलने लगे और भाजपा कार्यकर्ताओं को इस बात का एहसास दिलाने लगे कि वह बाहरी नहीं बल्कि उनके बीच के अपने हैं और वह उनके हर सुख दुख में उनके साथ हैं।
भाजपा कार्यालय से मिली सूचना के अनुसार जोशी आज से शहर में जनसम्पर्क अभियान में भी लग गए हैं और गलियों तथा सड़कों पर घूम-घूम कर जनता से मिल रहे हैं।
गौरतलब है कि 21 मार्च को जोशी कानपुर लोकसभा चुनाव प्रत्याशी घोषित होने के बाद पहली बार शहर आए थे और 22 मार्च को भाजपा और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के काडर और नेताओं से मिलकर वापस दिल्ली चले गए थे। इस पर यह कहा गया था कि चूंकि जोशी भाजपा मैनीफैस्टो कमेटी में है इसलिए वह घोषणा पत्र को अंतिम रूप देने के लिए दिल्ली गए हैं। जोशी के शहर से बाहर जाते ही कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की बांछें खिल गईं और वह इस प्रचार में लग गए कि जोशी को चुनाव के दौरान ही यदि कानपुर के लिए टाइम नहीं है तो बाद में अगर चुनाव जीतेंगे तो क्या करेंगे।
लेकिन, इन सब बातों को दरकिनार करते हुए शुक्रवार शाम जोशी कानपुर पहुंचे और सबसे पहले पार्टी के बुजुर्ग नेता पन्ना लाल तांबे के घर लक्ष्मी पुरवा गए और वहां उनकी पत्नी के कुछ दिन पहले हुए निधन पर शोक व्यक्त किया। उसके बाद वह पार्टी के अन्य पुराने कार्यकर्ताओं के घर गए और उनका हाल चाल जाना।
जोशी ने इसके बाद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और उनके साथ पार्टी के अंदरूनी हालात का जायजा लिया तथा किन किन क्षेत्रों पर ज्यादा मेहनत करनी है इस बारे में विस्तार से जानकारी ली। पार्टी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज डा जोशी शहर के विभिन्न स्थानों में जनसंपर्क करेंगे और शहर की सड़कों और गलियों पर लोगों से व्यक्तिगत रूप से मिलेंगे।
पार्टी नेताओं ने बताया कि डा जोशी की पत्नी और बेटी भी शहर आ गई हैं और उनके लिए स्वरूप नगर में एक मकान ढूंढा जा रहा है। जोशी तो अक्सर दिल्ली और अन्य स्थानों पर दौरों के लिए आते-जाते रहेंगे लेकिन उनकी पत्नी और बेटी यहीं रहकर आम जनता के बीच जनसंपर्क का काम करेंगी। वैसे जोशी के शहर आने से भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार हो गया है और वह एक नए जोश के साथ प्रचार-प्रसार में लग गए हैं। (एजेंसी)
First Published: Saturday, March 29, 2014, 14:22