ज़ी मीडिया ब्यूरो/संजीव कुमार दुबेनई दिल्ली : चिलचिलाती धूप और झुलसा देने वाली गर्मी की परवाह किए बगैर बुधवार को करीब 8.3 करोड़ मतदाताओं ने देश के सात राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों के 89 लोकसभा क्षेत्रों में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान एक केंद्र पर पार्टी का चुनाव चिह्न लहराने के कारण भाजपा नेता नरेंद्र मोदी के विरुद्ध दो एफआईआर भी दर्ज कराई गई है। अलग-अलग राज्यों में मतदान का प्रतिशत इस प्रकार रहा--
1. पश्चिम बंगाल में 82 प्रतिशत
2. पंजाब में रिकार्ड 73 प्रतिशत
3. बिहार में 60 प्रतिशत
4. उत्तर प्रदेश 57.10 प्रतिशत
5. गुजरात में 62 प्रतिशत
6. आंध्र प्रदेश में 70 प्रतिशत
7. जम्मू कश्मीर में 25.62 प्रतिशत
8. दादरा नगर हवेली में 85 प्रतिशत
9. दमन एवं दीव में 72.69 प्रतिशत
सातवें चरण में आंध्र प्रदेश, बिहार, गुजरात, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल तथा दो केंद्र शासित प्रदेशों दादरा नगर हवेली और दमन एवं दीव के संसदीय क्षेत्रों में कराया गया है। इन राज्यों की 89 लोकसभा सीटों पर 13.90 करोड़ मतदाताओं में से करीब 60 प्रतिशत ने 1,52,673 मतदान केंद्रों पर मतदान किया। इस चरण में 1295 प्रत्याशी मैदान में हैं। इस चरण के साथ ही 543 निर्वाचित सदस्यों वाली लोकसभा के 438 सीटों के लिए चुनाव संपन्न हो गया है। अंतिम दो चरणों का मतदान 7 मई और 12 मई को होगा।
जम्मू एवं कश्मीर को छोड़ अन्य जगहों पर भारी मतदान की खबर है। श्रीनगर में अलगाववादियों के बहिष्कार के कारण मतदान धीमा रहा और बमुश्किल 25 प्रतिशत मतदान हुआ। आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल में जोरदार मतदान हुआ। बुधवार को ही आंध्र प्रदेश के तेलंगाना क्षेत्र की 119 विधानसभा सीटों पर भी मतदान कराया गया है। पंजाब में 73 प्रतिशत मतदान होने की सूचना है जबकि आंध्र प्रदेश में 70 प्रतिशत और पश्चिम बंगाल में 82 प्रतिशत मतदान हुआ है।
इस चरण में उत्तर प्रदेश की 14, बिहार की सात, गुजरात की सभी 26, पंजाब की सभी 13, पश्चिम बंगाल की नौ, आंध्र प्रदेश की 17, जम्मू एवं कश्मीर, दादरा एवं नागर हवेली और दमन एवं दीव की एक-एक सीट पर मतदान कराया गया है। आठवें चरण के तहत गुजरात में सर्वाधिक 334 प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि दमन और दीव में सबसे कम चार प्रत्याशियों के बीच लड़ाई है।
उप्र में इस चरण के मतदान में जिन प्रमुख लोगों की सियासी किस्मत का फैसला होना है उनमें कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष राजनाथ सिंह, भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी और उमा भारती, केंद्रीय मंत्री श्री प्रकाश जायसवाल, के साथ-साथ राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष एवं सांसद पी.एल. पुनिया भी शामिल हैं।
उप्र की रायबरेली सीट पर सोनिया गांधी के खिलाफ भाजपा के अजय अग्रवाल, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के प्रवेश सिंह और आम आदमी पार्टी (आप) की नेता अर्चना श्रीवास्तव मैदान में हैं। भाजपा की ओर प्रधानमंत्री पद के दावेदार माने जा रहे नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश की वाराणसी के अलावा वड़ोदरा सीट से भी दांव आजमा रहे हैं। वड़ोदरा से मोदी के खिलाफ कांग्रेस के मधुसूदन मिस्त्री मैदान में हैं।
गुजरात से अन्य प्रमुख प्रत्याशियों में भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी भी मैदान में हैं। बिहार की मधेपुरा, मधुबनी, झंझारपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, बेगूसराय और खगड़िया सीटों पर पांच महिलाओं सहित 94 उम्मीदवार मैदान में हैं। बिहार से मैदान में प्रमुख प्रत्याशियों में शरद यादव, हुकुम देवनारायण यादव, मोहम्मद अली असरफ फातमी, पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी कीर्ति आजाद, पप्पू यादव और डॉ. प्रभात रंजन दास हैं।
जम्मू एवं कश्मीर की श्रीनगर लोकसभा सीट से नेशनल कान्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला मैदान में हैं। पंजाब में अकाली दल-भाजपा गठजोड़ की सत्तारूढ़ सरकार और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर है। यहां भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली को कांग्रेस प्रत्याशी अमरिंदर सिंह चुनौती दे रहे हैं, जबकि गुरदासपुर सीट पर मौजूदा सांसद प्रताप सिंह बाजवा के खिलाफ भाजपा से तीन बार सांसद रह चुके विनोद खन्ना मैदान में हैं।
पश्चिम बंगाल में मुख्य मुकाबला तृणमूल कांग्रेस और मुख्य विपक्षी दल मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के बीच है। पश्चिम बंगाल से मैदान में प्रमुख प्रत्याशियों में श्रीरामपुर सीट से प्रख्यात संगीतकार बप्पी लाहिड़ी और हुगली सीट से चंदन मित्रा हैं।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
First Published: Wednesday, April 30, 2014, 08:27