कर्नाटक में शुरुआती दो घंटों में 10 प्रतिशत वोटिंग

बेंगलुरु : कर्नाटक की 28 लोकसभा सीटों के लिए आज कड़ी सुरक्षा के बीच हो रहे एकल चरणीय मतदान के शुरुआती दो घंटों में करीब 10 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान अब तक शांतिपूर्ण रहा है।

बेंगलुरु की तीन सीटों- दक्षिण, मध्य एवं उत्तर बेंगलुरु में मतदाताओं में काफी जोश देखा गया और शुरुआती घंटों में ही लोगों की लंबी पंक्तियां लग गईं। पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा (हासन), पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा (शिमोगा) और केंद्रीय मंत्री एम. वीरप्पा मोइली (चिकबलपुर) सबसे पहले मतदान करने वाले लोगों में शामिल रहे। राज्य में करीब 4.62 करोड़ मतदाता 435 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।

निर्बाध, स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए राज्य और केंद्रीय बलों के लगभग 85 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। केरल, तमिलनाडु और महाराष्ट्र से सशस्त्र पुलिस बल को भी यहां ड्यूटी पर तैनात किया गया है।

राज्य निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि लगभग 54,000 मतदान केंद्रों में से 11,424 केंद्रों को अत्यंत संवेदनशील और 14,968 केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। राज्य में 1.18 लाख महिलाओं समेत 2.95 लाख से अधिक मतदान कर्मियों को ड्यूटी पर तैनात किया गया है। भाजपा और कांग्रेस के बीच 22 लोकसभा सीटों पर सीधा मुकाबला है जबकि बाकी सीटों पर जनता दल (एस) के मजबूत होने से त्रिपक्षीय मुकाबले की उम्मीद है।

भाजपा ने 2009 के लोकसभा चुनावों में 19 सीटें जीती थीं जबकि कांग्रेस को केवल 6 और जद:एस: को 3 सीट पर जीत मिली थी। कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों ने इस बार 20 से अधिक सीट जीतने का लक्ष्य रखा है। बेंगलुरु दक्षिण सीट पर मुकाबला सबसे दिलचस्प होने की उम्मीद है जहां इंफोसिस के सह संस्थापक एवं कांग्रेस प्रत्याशी नंदन नीलेकणि और भाजपा के मजबूत उम्मीदवार एवं पांच बार के सांसद अनंत कुमार के बीच मुख्य मुकाबला है। इसके अलावा येदियुरप्पा (शिमोगा), देवगौड़ा (हासन) और मोइली (चिकबलपुर) समेत कई अहम नेताओं के भाग्य का फैसला होगा। (एजेंसी)
First Published: Thursday, April 17, 2014, 08:59
First Published: Thursday, April 17, 2014, 08:59
comments powered by Disqus

ओपिनियन पोल

क्‍या चुनाव में करारी हार के बाद सोनिया गांधी को कांग्रेस अध्‍यक्ष पद से इस्‍तीफा देना चाहिए?