ज़ी मीडिया ब्यूरोपटना: लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण के तहत पश्चिम बंगाल में 17 सीटों के लिए सोमवार सुबह शुरू हुआ मतदान जारी है। मतदान को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। बिहार की छह संसदीय सीटों पर आज सुबह सात बजे शुरू हुए मतदान में धीरे-धीरे आई तेजी के साथ दोपहर एक बजे तक 37.86 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। इस बीच, राज्य की विपक्षी पार्टियों ने मतदान केंद्रों से अपने एजेंटों को खदेड़ने का आरोप लगाया है।
राज्य में लोकसभा की 17 सीटों के लिए 188 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि विधानसभा की दो सीटों के लिए नौ उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। मतदान के लिए 31,392 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 2.5 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
इस चरण में राज्य के छह संसदीय क्षेत्रों वाल्मिकी नगर, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, वैशाली, गोपालगंज और सीवान में मतदान हो रहे हैं। इस चरण में पांच महिला उम्मीदवारों सहित कुल 90 उम्मीदवारों की राजनीतिक किस्मत का फैसला 90 लाख मतदाता करेंगे। अंतिम चरण में 90 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 90,51,952 मतदाता करेंगे, जिनके लिए क्षेत्र में 8,582 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
अंतिम और नौवें चरण में जिन प्रत्याशियों का भविष्य दांव पर लगा है, उनमें फिल्म निर्देशक प्रकाश झा, पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह, डॉ़ संजय जायसवाल, हिना साहेब, अन्नु शुक्ला, राधामोहन सिंह और पूर्णमासी राम प्रमुख हैं।
फिल्म निर्देशक प्रकाश झा इस बार फिर से पश्चिचम चंपारण सीट से राजनीति में भाग्य आजमा रहे हैं। झा इससे पहले भी चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन दो चुनाव वह हार गए थे। भाजपा के संजय जायसवाल को इस चुनाव में जद (यू) के प्रकाश झा से कड़ी टक्कर मिल रही है, वहीं राष्ट्रीय जनता दल के रघुनाथ झा ने अपने सियासी राजनीतिक अनुभव और जातीय समीकरण को लेकर मुकाबले को त्रिकोणत्मक कर दिया है। यहां से कुल 12 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
वैशाली से राजद के दिग्गज नेता रघुवंश प्रसाद सिंह एकबार फिर संसद में अपनी छठी पारी खेलने को लेकर ताल ठोंक रहे हैं। यहां मुख्य मुकाबला रघुवंश सिंह, भाजपा समर्थित लोक जनशक्ति पार्टी के रामकिशोर सिंह, जद (यू) के विजय कुमार सहनी और निर्दलीय प्रत्याशी अन्नु शुक्ला के बीच है। इस सीट से कुल 22 प्रत्याशी चुनावी मैदान में खम ठोंक रहे हैं।
सीवान की लड़ाई में इस बार कहने को तो 13 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला भाजपा के ओम प्रकाश यादव, राजद प्रत्याशी हिना साहेब, जद (यू) के मनोज कुमार सिंह और भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी के अमरनाथ यादव के बीच माना जा रहा है। यहां चुनाव प्रचार थम जरूर गया है, लेकिन चुनावी सरगर्मी तेज है।
बिहार की गोपालगंज सीट पर इस चुनाव में मुकाबला कांटे का है। भाजपा के जनक राम को कांग्रेस और राजद की उम्मीदवार डॉ़ ज्योति भारती से कड़ी टक्कर मिल रही है, वहीं जद (यू) के अनिल राम, नीतीश के सुशासन के भरोसे यह सीट जद (यू) की झोली में डालना चाह रहे हैं। यहां से कुल 14 प्रत्याशी चुनावी अखाड़े में हैं।
पूर्वी चंपारण संसदीय सीट पर भाजपा के राधामोहन सिंह पांचवीं बार संसद में जाने को लेकर एड़ी-चोटी का जोर लगाए हुए हैं, जबकि उनकी राह में रोड़े जद (यू) के अविनाश सिंह और राजद के विनोद कुमार श्रीवास्तव अटका रहे हैं। पूर्वी चंपारण सीट पर कुल 15 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
वाल्मिकीनगर में भाजपा के प्रत्याशी सतीश चंद्र दूबे को नरेंद्र मोदी की लहर का पूरा भरोसा है, जबकि कांग्रेस के पूर्णमासी राम को जातीय समीकरण भरोसा है। वहीं जद (यू) प्रत्याशी नीतीश के सुशासन के भरोसे अपनी चुनावी नैया पार करने की जुगत में लगे हैं। यहां से कुल 14 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
First Published: Monday, May 12, 2014, 08:34