ज़ी मीडिया ब्यूरो/बिमल कुमार पटना : बिहार के दो भाजपा नेताओं ने प्रियंका गांधी के खिलाफ उनकी नीच राजनीति वाली टिप्पणी के लिए बुधवार को दो अलग-अलग मामले दायर करवाए हैं। इस टिप्पणी को लेकर प्रियंका गांधी की मुश्किलें बढ़ गई हैं और इस मामले की सुनवाई आज होने की संभावना है।
प्रदेश भाजपा महासचिव सूरजनंदन मेहता ने पटना के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रमाकांत यादव की अदालत में एक मामला दायर करके आरोप लगाया कि प्रियंका की टिप्पणी समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देगी और इससे शांति भंग होगी। अदालत के सूत्रों ने बताया कि मामले पर गुरुवार को सुनवाई हो सकती है। मामला भारतीय दंड संहिता की धारा 153 (ए), 153 (बी), 171 (जी), 500 और 504 के तहत दायर किया गया है।
भाजपा ने आरोप लगाया है कि प्रियंका ने मोदी का अपमान किया है क्योंकि वह पिछड़ी जाति से आते हैं। कांग्रेस ने इस आरोप से इनकार किया और कहा है कि वह केवल उनके ‘निचले स्तर’ की राजनीति का उल्लेख कर रही थीं। प्रियंका के खिलाफ एक अन्य मामला दरभंगा की एक अदालत में दायर किया गया है। भाजपा निषाद समुदाय प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रमुख अजरुन साहनी ने दरभंगा के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शैलेंद्र पांडेय की अदालत में प्रियंका के खिलाफ इसी आरोप में एक मामला दायर किया। इस मामले की भी सुनवाई आज होने की उम्मीद है।
प्रियंका गांधी के उक्त बयान के बाद शुरू हुआ विवाद समाप्त होता नहीं दिखाई दे रहा है और भाजपा तथा कांग्रेस एक दूसरे पर हमले कर रहे हैं। गौर हो कि राहुल गांधी ने बुधवार को अपनी बहन के बचाव में कहा था कि जाति नहीं, कर्म नीच होते हैं। ‘नीच सोच होती है, गुस्से की सोच होती है, क्रोध की सोच होती है।’
First Published: Thursday, May 8, 2014, 10:26