मनमोहन सिंह के भाई भाजपा में शामिल, PM परिवार हैरान, भतीजे ने कहा- 3 करोड़ में डील की खबर गलत

by Ramanuj singh
मनमोहन सिंह के भाई भाजपा में शामिल, PM परिवार हैरान, भतीजे ने कहा- 3 करोड़ में डील की खबर गलतज़ी मीडिया ब्यूरो
अमृतसर : कहते हैं उगते हुए सूर्य को सब नमस्कार करता है। मोदी की लहर में भाजपा में शामिल होने वालों का तांता लग गया है। कई बड़े नेता भाजपा में शामिल हो चुके हैं तो कईयों ने तो गठबंधन बना लिया है। अब इस फेहरिस्त में एक नया नाम और जुड़ गया है। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के भाई दलजीत सिंह कोहली भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। दलजीत सिंह प्रधानमंत्री के सौतेले भाई हैं। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी और पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की मौजूदगी में एक जनसभा के दौरान कोहली भाजपा में शामिल हुए। उधर, मनमोहन सिंह का परिवार इस वाकये से हैरान है।

इस पर पीएम मनमोहन सिंह के भतीजे मनदीप ने ज़ी मीडिया के कहा कि मेरे चाचा दलजीत सिंह ने बेहद घिनौनी हरकत की है। दलजीत का यह फैसला गलत है, लेकिन उन्होंने कहा कि अखबारों में तीन करोड़ की रुपए की डील की खबर गलत है। दलजीत भाजपा में क्यों शामिल हुए यह वही बता सकते हैं। अरूण जेटली चाहते थे कि मनमोहन का परिवार भाजपा में शामिल हो। दलजीत सिंह के बेटे का मेरे पास फोन आया था भाजपा में शामिल होने का ऑफर आया है। दलजीत सिंह हमारे परिवार के विभीषण हैं। हमारा परिवार दलजीत का बहिष्कार करेगा। उन्होंने भाजपा पर दो भाइयों के बीच दरार डालने का आरोप लगाया है। साथ ही कहा मनमोहन सिंह की छवि पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा।

कोहली को पार्टी में शामिल करते हुए मोदी ने कहा कि उनके आने से पार्टी में और मजबूती आएगी। मोदी ने कहा, आज प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के भाई दलजीत सिंह भाजपा में शामिल हुए हैं। इससे हमें और मजबूती मिलेगी। हम ऐसी पार्टी नहीं जो सदस्यता की बात करते हैं, बल्कि हम संबंध बनाने वाली पार्टी हैं। बादल और अमृतसर सीट से भाजपा उम्मीदवार अरुण जेटली ने पेशे से व्यापारी कोहली का पार्टी में स्वागत किया।

भारतीय जनता पार्टी में इससे पहले कई कांग्रेसी नेता भी शामिल हो चुके हैं। उत्तराखंड के कांग्रेसी नेता सतपाल महाराज और यूपी के कांग्रेसी नेता जदगंबिका पाल इनमें प्रमुख हैं। इनके अलावा हरियाणा कांग्रेस के नेता और सांसद रह चुके राव इंद्रजीत सिंह का नाम भी इनमें शामिल हैं। इंद्रजीत सिंह गुड़गांव से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। मध्यप्रदेश के डॉ. भगीरथ प्रसाद का तो कांग्रेस ने नाम ऐलान कर दिया था। उसके बाद कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ले ली। गौतम बुद्ध नगर से कांग्रेस नेता रमेश चंद्र तोमर भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे।

प्रधानमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि मनमोहन सिंह का परिवार इस वाकये से हैरत में है। उन्होंने कहा, उनकी मंशा के बारे में नहीं पता पर वह अपना राजनीतिक करियर चुनने के लिए स्वतंत्र हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री और कोहली काफी समय से संपर्क में नहीं थे। सूत्रों ने बताया कि मनमोहन सिंह इकलौते बेटे हैं और उनकी छह बहनें हैं। दलजीत सिंह प्रधानमंत्री के सौतेले भाई हैं। मनमोहन सिंह जब काफी कम उम्र के थे तो उनकी मां का निधन हो गया था।

दलजीत सिंह के बड़े भाई सुरजीत सिंह कोहली ने कहा कि उन्हें इस वाकये पर काफी आश्चर्य हो रहा है। सुरजीत ने कहा, मैं स्तब्ध हूं। पेशे से व्यापारी सुरजीत कांग्रेस का समर्थन करते रहे हैं। अमृतसर के पूर्व मेयर ओपी सोनी ने कहा कि सुरजीत सिंह कल व्यापारियों की एक बैठक में अमृतसर से कांग्रेस उम्मीदवार अमरिंदर सिंह के साथ थे।

First Published: Saturday, April 26, 2014, 10:17
First Published: Saturday, April 26, 2014, 10:17
comments powered by Disqus

ओपिनियन पोल

क्‍या चुनाव में करारी हार के बाद सोनिया गांधी को कांग्रेस अध्‍यक्ष पद से इस्‍तीफा देना चाहिए?