मनमोहन का बचपन भी गरीबी में गुजरा है: सोनिया

महाराजगंज : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी के बार-बार यह कहने पर कि उन्होंने बचपन में बहुत कठिनाइयां झेली हैं, यहां आज कहा कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का बचपन भी कठिनाइयों में गुजरा है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने आज यहां एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी के विकास के नजरिए (गुजरात माडल) पर भी सवाल खडा किया और आरोप लगाया कि वे देश की जनता को गुमराह कर रहे हैं। मोदी के बार-बार यह कहने पर कि उनका बचपन गरीबी और कठिनाई में गुजरा है और वे गरीबी को समझते हैं, सोनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का बचपन भी बहुत कठिनाइयों के बीच गुजरा है।

उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा, ‘मोदी देश को गुमराह कर रहे हैं..ऐसी बातें कर रहे हैं कि आज देश में चारों तरफ अंधेरा है और उनके :मोदी: के आते ही चारों तरफ उजाला फैल जायेगा।’ सोनिया ने कहा ‘जिनके दिल में नफरत भरी हो वे देश नहीं चला सकते।’यह कहते हुए कि मोदी लोगों को अपने बचपन के संघर्षों की कहानियां सुना रहे हैं, सोनिया ने कहा, ‘प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को भी अपने बचपन में बहुत सी मुसीबतों का सामना करना पड़ा था। उन्होंने भी बहुत कठिनाइयां देखी हैं।’

विकास के गुजरात माडल को खारिज करते हुए, कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रचार के विपरीत, गुजरात विकास के तमाम मानकों पर पिछड़ा हुआ है। उन्होंने कांग्रेस नीत संप्रग के 10 साल के शासनकाल में किये गये कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सत्ता में पुन: आने पर जनहित के कई और कार्यक्रम लागू किये जायेंगे। (एजेंसी)
First Published: Friday, May 9, 2014, 21:52
First Published: Friday, May 9, 2014, 21:52
comments powered by Disqus

ओपिनियन पोल

क्‍या चुनाव में करारी हार के बाद सोनिया गांधी को कांग्रेस अध्‍यक्ष पद से इस्‍तीफा देना चाहिए?