.jpg)
लखनऊ/अमेठी : देश में नरेंद्र मोदी की नहीं भाजपा की लहर होने के भाजपा नेता मुरली मनोहर जोशी के बयान से उठे विवाद को कम करने का प्रयास करते हुए भाजपा ने सोमवार को कहा कि पार्टी और मोदी को अलग करके नहीं देखा जा सकता और किसी भी तरह के मतभेद की बात बेमानी है।
भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि जोशी के बयान का गलत आशय निकाला गया है। उन्होंने लखनऊ में संवाददाताओं से कहा कि किसी ने इस तरह की बात नहीं की है। भाजपा ने मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया है और इस परिस्थिति में भाजपा की लहर या मोदी लहर को अलग करके नहीं देखा जा सकता।
सिंह ने कहा कि मोदी देश के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं और लोग उन्हें प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं। हम मोदी और भाजपा को अलग करके नहीं देख सकते। हम सभी भाजपा के अंग हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने का निर्णय केंद्रीय संसदीय बोर्ड ने लिया था। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। जोशी ने कल कहा था कि देश में मोदी की नहीं भाजपा की लहर है।
भाजपा की घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष जोशी ने यह भी कहा था कि विकास के गुजरात मॉडल को सभी राज्यों के लिए लागू नहीं किया जा सकता। उन्होंने किसी एक राज्य के मॉडल को अपनाने की तरफदारी नहीं की। लेकिन राजनाथ ने आज कहा कि मोदी ने भी ऐसा नहीं कहा है। अमेठी में पार्टी उपाध्यक्ष और लोकसभा उम्मीदवार स्मृति ईरानी ने इस बात को खारिज कर दिया कि ये बयान भाजपा नेताओं के बीच मतभेद दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी में किसी तरह का मतभेद नहीं है। डा. जोशी का आशीर्वाद देने का तरीका अन्य लोगों से अलग है। (एजेंसी)
First Published: Monday, April 14, 2014, 20:16