ज़ी मीडिया ब्यूरोसासाराम: बिहार के सासाराम में रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर हमला बोला। मोदी ने कहा कि मां होकर भी सोनिया गांधी को गरीब और भूख से बिलखते बच्चों की चिंता नहीं है। सोनिया गांधी और शहजादे को किसानों की भी चिंता नहीं है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन नहीं किया और अनाज को सड़ने दिया। मोदी ने कहा कि दिल्ली की सरकार भरोसे लायक नहीं है। उससे संबंध विच्छेद करने का वक्त आ गया है।
मोदी ने कहा कि मीरा कुमार ने बाबू जगजीवन राम के सपनों को पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा,राज्य के विकास के बिना भारत का विकास नहीं हो सकता। गुजरात में हुए विकास का गुणगान करते हुए मोदी ने कहा कि हमारे राज्य में बिजली चली जाती है तो खबर होती है लेकिन यहां बिजली आ जाए तो खबर होती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के चुनावी घोषणापत्र पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इसमें लोगों से झूठ बोला गया है। उन्होंने कहा, ‘ 2009 में उन्होंने 100 दिनों में कीमतें घटाने का वादा किया था। इस बार भी उन्होंने यही वादा किया है। अब इन्होंने लोगों की आंखों में मिर्ची पाउडर फेंकने का नया प्रयोग किया है।’ भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को कभी कभी लोगों के लिए सहानुभूति के शब्द भी कहने चाहिए क्योंकि वे स्वयं एक मां हैं।
मोदी ने आरोप लगाया, ‘लोकतंत्र की हत्या करके कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार से सीट वापस ली गई। यह सीट इसलिए नहीं ली गई क्योंकि मैं चुनाव लड़ रहा हूं बल्कि क्योंकि वह दलित हैं।’ उन्होंने राहुल गांधी की ओर से शुरू की गयी प्राइमरी की व्यवस्था पर प्रहार करते हुए कहा, ‘इस बच्चे ने अभी अभी जन्म लिया है।’ सासाराम का प्रतिनिधित्व करने वाली मीरा कुमार पर प्रहार करते हुए मोदी ने कहा कि इस क्षेत्र में पैदा किये जाने वाले अन्न का उपयोग शराब बनाने में किया जाता है, भूखों को खाना खिलाने में नहीं।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
First Published: Thursday, March 27, 2014, 18:01