यवतमाल (महाराष्ट्र): कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रधानमंत्री पद प्रत्याशी नरेंद्र मोदी पर गुजरात के किसानों को `बर्बाद` करने का आरोप लगाया। आत्महत्या करने वाले किसानों के जिले यवतमाल में राहुल ने एक रैली में कहा कि नैनो कार परियोजना के लिए गुजरात सरकार ने 3000 किसानों की जमीन अधिगृहीत की।
विदर्भ क्षेत्र के किसानों के बीच उन्होंने कहा कि वे किसान बर्बाद हो गए। केवल 2000 किसानों को रोजगार मिला। यह विकास का मॉडल नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ हैं और इसके बावजूद कोई उनके बारे में नहीं सोचता है। कांग्रेस हमेशा से कृषक समुदाय के हित में काम करती आई है।
उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए औनेपौने भाव में किसानों की जमीन उद्योगपतियों के हाथों में जाने से बचाना सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस ने भूमि अधिग्रहण कानून बनाया। यह कांग्रेस ही है जिसने किसानों के 70,000 करोड़ रुपये के कर्ज को माफ किया।
राहुल ने कहा कि इसके बाद विपक्ष ने सवाल उठाया कि पैसे आएंगे कहां से। उन्होंने किसानों की मदद के लिए सरकारी खजाने खोले जाने पर असंतोष जाहिर किया लेकिन उद्योगपतियों को सभी सुविधाएं दिए जाने पर कभी कोई संदेह जाहिर नहीं किया।
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ही भ्रष्टाचार से लड़ाई का हथियार साबित होने वाले सूचना का अधिकार और लोकपाल विधेयक लाया। (एजेंसी)
First Published: Friday, April 4, 2014, 23:20