लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी पर हमले की साजिश के आरोप में आज गोरखपुर में दो संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किये जाने के बीच केन्द्रीय इस्पात मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा ने कहा कि गुजरात में दंगे कराने वाले मोदी को निशाने पर लिया जाना स्वाभाविक है।
वर्मा ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में इंडियन मुजाहिदीन द्वारा मोदी पर हमले की साजिश के दावों सम्बन्धी सवाल पर कहा कि मोदी ने गुजरात में दंगे कराए। ‘अगर आप किसी को मारेंगे तो आपको भी निशाने पर लिया जाएगा।’ केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि देश में बाबरी विध्वंस के बाद ही आतंकवाद की घटनाएं शुरू हुईं। भाजपा देश में आतंकवाद फैलाने की जड़ में है। हालांकि उन्होंने कहा कि सरकार मोदी की पूरी सुरक्षा करेगी।
वर्मा ने कहा ‘जिस तरह बाबरी विध्वंस कराने वाले भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी आज अपने हाल पर रो रहे हैं, ठीक वैसे ही गोधरा कांड के बाद गुजरात में दंगे करवाने वाले मोदी का हाल होगा। चुनाव के बाद भाजपा के लोग ही उन्हें भगाएंगे। चुनाव के बाद मोदी जेल जाएंगे।’ केन्द्रीय मंत्री ने मोदी को राजनीतिक मंच पर ‘गेस्ट अपीयरेंस’ और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को ‘परमानेंट हीरो’ करार देते हुए दावा किया कि आगामी लोकसभा चुनाव मोदी के लिये ‘करो या मरो’ जैसा है।
उन्होंने कहा ‘हर तरफ मोदी का बहुत प्रचार किया जा रहा है, हमें समझ में नहीं आता कि आखिर कहां हैं मोदी। बिहार में चाहे कोई भी जीते लेकिन भाजपा पांच-छह सीटों से ज्यादा नहीं पायेगी। उत्तर प्रदेश में तो खुद भाजपा ही भाजपा को हराएगी। भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह की लखनउ से पराजय निश्चित है।’ (एजेंसी)
First Published: Thursday, March 27, 2014, 16:08